खास खबरफीचर्डविविध

टी20 विश्वकप में भारत का विजयी आगाज: अमेरिका को 29 रन से हराया, सूर्या ने बाबर को पछाड़ा

भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अमेरिका के खिलाफ दमदार बल्लेबाजी से एक खास उपलब्धि अपने नाम दर्ज की। सूर्यकुमार के दम पर ही भारत अमेरिका के सामने चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा कर सका…

 

 

मुंबई (ए)। भारत ने टी20 विश्वकप का आगाज जीत के साथ कर दिया है। शनिवार को अमेरिका के खिलाफ खेले गए मैच में जबरदस्त जीत हासिल की। अमेरिका को 29 रन से हराया। अमेरिका के कप्तान मोनांक पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। भारतीय टीम ने बड़ी मुश्किल से 161 रन बनाने में कामयाबी हासिल की। एक वक्त भारतीय टीम के लगातार विकेट गिरते जा रहे थे, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने हिम्मत नहीं हारी और वे एक छोर संभाले रहे। सूर्या ने 49 बॉल पर 84 रनों की नाबाद पारी खेली। सूर्या ने 10 चौके और चार छक्के लगाने का काम किया।

अमेरिका ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला लिया। लग रहा था कि भारत टी20 विश्व कप के अपने पहले ही मैच में रनों का पहाड़ बनाएगा, लेकिन उसे शुरुआत से ही झटका लगा। अभिषेक शर्मा और शिवम दुबे जहां खाता खोले बिना आउट हुए तो वहीं रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ी सस्ते में पवेलियन लौटे। ईशान किशन और तिलक वर्मा ने अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन वे इसे बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके। फिर एक छोर से सूर्यकुमार डटे रहे और अंत तक टिककर नाबाद लौटे।

सूर्यकुमार ने आखिरी पांच ओवरों में गियर बदला जिससे भारत ने अंतिम 30 गेंदों पर 67 रन बनाए, जबकि इस दौरान टीम के तीन विकेट भी गिरे। सूर्यकुमार ने इस दौरान कप्तान के तौर पर टी20 में 1000 रन भी पूरे किए। सूर्यकुमार ने सौरव नेत्रवल्कर के आखिरी ओवर में 21 रन चुराए जिससे भारत का स्कोर 160 रन के पार पहुंचने में सफल रहा।
सूर्यकुमार अपनी पारी के दम पर एक खास उपलब्धि हासिल करने में सफल रहे। सूर्यकुमार टी20 विश्व कप में कप्तान के तौर पर डेब्यू मैच में सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। सूर्यकुमार से आगे वेस्टइंडीज के क्रिस गिल हैं जिन्होंने 2009 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 88 रन बनाए थे। सूर्यकुमार इस मामले में पाकिस्तान के बाबर आजम को पीछे छोड़ने में सफल रहे। बाबर ने 2021 में भारत के खिलाफ नाबाद 68 रन बनाए थे।
नेत्रवल्कर महंगे साबित हुए
अमेरिका के गेंदबाज नेत्रवल्कर टी20 विश्व कप में सबसे महंगा स्पैल डालने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में सनथ जयसूर्या को पीछे छोड़ा। नेत्रवल्कर ने भारत के खिलाफ मैच में चार ओवर में 65 रन दिए और एक भी सफलता हासिल नहीं कर सके। नेत्रवल्कर ने इस दौरान 16.20 के इकॉनोमी रेट से रन लुटाए। जयसूर्या ने 2007 में पाकिस्तान के खिलाफ 64 रन दिए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button