भारतीय टीम को सुपर आठ चरण में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। मौजूदा टूर्नामेंट में टीम की यह पहली हार है। इस मैच में टीम इंडिया की बल्लेबाजी बेहद खराब रही और टीम पूरे 20 ओवर भी बल्लेबाजी नहीं कर सकी…
अहमदाबाद (ए)। गत चैंपियन भारतीय टीम को टी20 विश्व कप 2026 में पहली हार का सामना करना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका ने सुपर आठ चरण में भारत का विजयी अभियान रोका और उसके लिए सेमीफाइनल की राह कठिन कर दी। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 187 रन बनाए। जवाब में भारत की बल्लेबाजी काफी खराब रही और टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह दक्षिण अफ्रीका ने यह मुकाबला 76 रनों से अपने नाम किया।
भारतीय टीम के लिए एक खिलाड़ी पर निर्भरता रहना भारी पड़ा है। भारत ने ग्रुप चरण में लगभग हर मैच में एक बल्लेबाज के दम पर ही जीत दर्ज की है। यही उसी कमजोर कड़ी साबित हो रही थी और सुपर आठ के पहले मैच में टीम इंडिया की बल्लेबाजी की कलई खुल गई। भारत की बल्लेबाजी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इतनी खराब रही कि शिवम दुबे को छोड़कर अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
भारत ने 2023 वनडे विश्व कप फाइनल के बाद आईसीसी के किसी टूर्नामेंट में पहला मैच गंवाया है। किसी भी प्रारूप में भारत की आईसीसी टूर्नामेंट में 18 मैचों बाद यह पहली हार है। वहीं, 2024 टी20 विश्व कप से लेकर अब तक इस टूर्नामेंट में भारत ने लगातार 12 मैच जीते थे, लेकिन अब यह सिलसिला टूट गया है। इतना ही नहीं, टी20 विश्व कप में रनों के लिहाज से भारत की यह सबसे बड़ी हार है। वहीं, टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारतीय टीम की रनों के लिहाज से यह दूसरी बड़ी हार है। इससे पहले न्यूजीलैंड ने भारत को 2019 में 80 रनों से हराया था।
मुकाबले के बाद भारतीय कप्तान ने करारी शिकस्त पर बात की। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि हमने मैच पावरप्ले में ही खो दिया। 180-185 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आप पावरप्ले में मैच नहीं जीत सकते, लेकिन जरूर हार सकते हैं। हमने शुरुआती छह ओवरों में बहुत ज्यादा विकेट गंवा दिए और उसके बाद जरूरी छोटी-छोटी साझेदारियां नहीं बना सके। गेंदबाजों ने शानदार शुरुआत दिलाई थी, लेकिन बल्लेबाजी में हम पावरप्ले का फायदा नहीं उठा पाए। यही मुकाबले का टर्निंग प्वॉइन्ट रहा।’

















