भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया। भारत ने सुपर आठ मुकाबले में 72 रनों से जीत दर्ज की और सेमीफाइनल के लिए अपनी दावेदारी बरकरार रखी है। भारत के लिए इस मैच में बल्लेबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया। वहीं, जिम्बाब्वे की टीम का सफर अब समाप्त हो गया…
चेन्नई (ए)। दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को हराकर भारत के लिए राह आसान की थी। अब बारी थी भारतीय टीम की जिसके लिए जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच जीतना काफी जरूरी था। भारत ने इस मैच में बल्ले और गेंद दोनों से दमदार प्रदर्शन किया जिससे सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली टीम ने सेमीफाइनल की ओर एक कदम बढ़ा लिए। भारत को अगर टी20 विश्व कप के अंतिम चार में पहुंचना है तो उसे सुपर आठ के आखिरी मैच में वेस्टइंडीज को हराना होगा।
ग्रुप-1 से दक्षिण अफ्रीका ने क्वालिफाई कर लिया है। इससे पहले ग्रुप-2 से इंग्लैंड की टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। वहीं, भारत अगर अपने अगले मैच में वेस्टइंडीज को मात दे देता है तो वह भी सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। जिम्बाब्वे इस हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।
भारत की जीत से जिम्बाब्वे का सफर टी20 विश्व कप में समाप्त हो गया है। ग्रुप-1 से सेमीफाइनल की दौड़ में अब वेस्टइंडीज और भारत शामिल है। दक्षिण अफ्रीका ने लगातार दो मैच जीतकर स्थिति मजबूत कर ली थी और भारत की जीत से वह सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रहा। अब अगर भारत अपना आखिरी मैच जीत जाए तो ग्रुप-1 से भारत और दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंच जाएंगे।
भारतीय टीम सुपर आठ के ग्रुप-1 में तीसरे स्थान पर है और उसका नेट रन रेट -0.100 है। वेस्टइंडीज की टीम दूसरे स्थान पर है और उसका नेट रन रेट +1.791 का है। हालांकि, अब जो स्थिति है उसमें नेट रन रेट का महत्व नहीं है। यानी भारत और वेस्टइंडीज के बीच जो टीम एक मार्च को होना वाला जीतेगी, वो सेमीफाइनल में जगह बना लेगी।
टीम इंडिया ने इस वैश्विक टूर्नामेंट में अपना 19 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। इस टूर्नामेंट में इससे पहले भारत का सबसे बड़ा टोटल 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ चार विकेट पर 218 रन था। भारतीय टीम ने पहली बार टी20 विश्व कप में 250 रनों का आंकड़ा पार किया। भारत के लिए इस मैच में अभिषेक शर्मा और हार्दिक पांड्या ने अर्धशतक लगाए।

















