आज 1 मार्च, 2026 से देश में कई बड़े फाइनेंशियल नियम बदलने जा रहे हैं. इन बदलावों का सीधा असर आपकी रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ सकता है. आइए जानते हैं 1 मार्च से किन नियमों में होने वाला है बड़ा बदलाव…
नईदिल्ली (ए)। मार्च की दस्तक के साथ ही इस बार नए महीने की शुरुआत आम लोगों के लिए खास मायने रखती है. इन बदलावों का सीधा असर आपकी जेब पर देखने को मिल सकता है. इनका असर आपकी बैंकिंग, टैक्स, गैस सिलेंडर की कीमत और निवेश पर पड़ सकता है. ऐसे में यह समझना जरूरी है कि 1 मार्च से क्या कुछ बदल सकता है और इसका आपकी रोजमर्रा की जिंदगी पर क्या प्रभाव पड़ेगा।
8 अहम बदलाव जो आज से लागू होंगे
गैस और पेट्रोल के दाम: हर महीने की पहली तारीख की तरह आज भी रसोई गैस (LPG) और कमर्शियल सिलेंडर की नई कीमतें जारी होती हैं. तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शिलयल एलपीजी सिलेंडर का दाम बढा दिया है.इस बढोतरी के साथ ही दिल्ली में अब 19 किलो वाला एलपीजी सिलेंडर 1768.50 रुपये में मिलेगा. पहले इसका रेट 1740.50 रुपये था. इस तरह अब आपको 28 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे।
इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) में सुधार: अगर आपसे पिछले साल के टैक्स रिटर्न में कोई गलती हुई है, तो अब आप 31 मार्च तक उसे सुधार सकते हैं. हालांकि, रिवाइज्ड आईटीआर फाइल करने के लिए आपको 1,000 से 5,000 रुपये तक की ‘लेट फीस’ देनी पड़ सकती है।
फर्जी कॉल पर लगाम: शेयर बाजार से जुड़ी कॉल्स अब केवल ‘1600’ से शुरू होने वाले नंबरों से ही आएंगी. अगर किसी साधारण 10 अंकों के मोबाइल नंबर से निवेश की सलाह मिले, तो समझ जाएं कि वह फ्रॉड हो सकता है।
वॉट्सऐप और टेलीग्राम के नियम: 1 मार्च से ‘सिम-बाइंडिंग’ लागू हो जाएगा. आसान भाषा में कहें तो इसका मतलब यह है कि जिस सिम कार्ड से अकाउंट बनाया गया है, अगर वह फोन से निकाल दिया जाता है, तो उस फोन में ऐप चलना बंद हो जाएगा. इसका मतलब है कि 1 मार्च से Whatsapp, टेलीग्राम और सिग्नल जैसे ऐप चलाने के लिए आपके मोबाइल में सिम कार्ड लगा होना बहुत जरूरी है।
फास्टैग (FASTag) में राहत: अब बार-बार गाड़ी के ‘नो योर व्हीकल’ (KYV) की झंझट खत्म हो रही है. साथ ही 3 मार्च 2026 से कुछ डिजिटल वॉलेट्स में फास्टैग सब-वॉलेट सुविधा भी शुरू की जा रही है।
बैंकिंग में बदलाव: कई सरकारी बैंक अब ‘मिनिमम बैलेंस’ की गणना एवरेज मंथली बैलेंस (AMB) के आधार पर करेंगे, जिससे ग्राहकों को पेनल्टी में राहत मिल सकती है।
बैंक की छुट्टियां: आरबीआई की ऑफिशियल हॉलिडे लिस्ट के अनुसार, मार्च 2026 में अलग-अलग राज्यों में कुल 18 दिन बैंक बंद रहेंगे. इनमें साप्ताहिक अवकाश, दूसरे और चौथे शनिवार के अलावा अलग-अलग राज्यों के त्योहार भी शामिल हैं. ध्यान रहे कि 31 मार्च को महावीर जयंती की छुट्टी होने के बावजूद सभी सरकारी बैंक खुले रहेंगे ताकि फाइनेंशियल ईयर के आखिरी कामकाज समय पर निपट सकें।
बंद हो जाएगा UTS: यूटीएस ऐप को रेलवे की ओर से 1 मार्च से बंद कर दिया जाएगा और इससे यात्री अनरिजर्व्ड टिकट बुकिंग, प्लेटफॉर्म पास और सीजन टिकट की बुकिंग नहीं कर पाएंगे. ऐसे में रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वह सभी प्रकार की टिकट बुकिंग के लिए रेलवन ऐप का इस्तेमाल करें. इस ऐप को रेलवे की ओर से पहले ही लॉन्च किया जा चुका है।

















