भारत के अनुभवी बल्लेबाज संजू सैमसन टी20 विश्व कप में शानदार फॉर्म में दिखे और उन्होंने लगातार तीसरे मैच में 50+ स्कोर बनाया। सैमसन ने सेमीफाइनल के बाद फाइनल में भी दम दिखाया…
अहमदाबाद (ए)। भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन का बल्ला टी20 विश्व कप के फाइनल में भी जमकर गरजा। सैमसन ने इस महत्वपूर्ण मुकाबले में अर्धशतक लगाया जो उनका टूर्नामेंट में लगातार तीसरा पचासा है। सैमसन ने इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में भी अर्धशतकीय पारी खेली थी और अब फाइनल में भी वह पचासा लगाने में सफल रहे। सैमसन टी20 विश्व कप के एक संस्करण में सेमीफाइनल और फाइनल में अर्धशतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले विराट कोहली 2014 और शाहिद अफरीदी 2009 में ऐसा कर चुके हैं।
सैमसन ने अभिषेक शर्मा साथ मिलकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने फाइनल मुकाबले में पहले विकेट के लिए 98 रनों की साझेदारी की। इस दौरान अभिषेक ने अर्धशतक लगाया, लेकिन वह अपना विकेट गंवा बैठे। अभिषेक भले आउट हो गए, लेकिन सैमसन ने अपनी धमाकेदार पारी जारी रखी और लगातार तीसरे मैच में अर्धशतक जड़ा। हालांकि, एक बार फिर वह शतक लगाने से चूक गए और 46 गेंदों पर पांच चौकों और आठ छक्कों की मदद से 89 रन बनाकर आउट हुए।

















