दुर्ग। दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय जल महोत्सव 2026 में दुर्ग जिले के ग्राम चिरपोटी की सरपंच पूजा चंद्राकर को गांव में नल-जल प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। सरपंच पूजा चंद्राकर ने अपने गांव में हर घर तक नल के माध्यम से स्वच्छ जल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने प्रभावी रूप से जलकर लागू करते हुए गांव के लोगों को जल संरक्षण और जल प्रबंधन के प्रति जागरूक किया। उनके प्रयासों से गांव में जल जीवन मिशन का संचालन सुचारू रूप से किया जा रहा है।
सरपंच द्वारा लगातार ग्रामीणों को इस योजना के महत्व के बारे में समझाया गया, जिससे गांव के सभी परिवारों तक नल के माध्यम से पानी पहुंचाने का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा हो सका।
यह जल जीवन मिशन की एक अत्यंत प्रेरणादायक सफलता की कहानी है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभागद्वारा गांव में जेजेएम का संपूर्ण कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है, जिसके पश्चात् आगे के सुचारू संचालन तथा रखरखाव के लिए इस जल प्रदाय योजना को ग्राम पंचायत को सफलतापूर्वक सौंप दिया गया है।
आपको बता दे कि जल जीवन मिशन भारत सरकार की एक प्रमुख योजना है, जिसका उद्देश्य हर ग्रामीण घर तक सुरक्षित और पर्याप्त पाइप से पानी (नल जल) पहुँचाना है। यह योजना भारत सरकार द्वारा 2019 में शुरू की गई थी। दुर्ग जिले में इस योजना के अध्यक्ष दुर्ग जिले के कलेक्टर अभिजीत सिंह और सचिव जिला पंचायत सीईओ बजरंग दुबे है।


















