कोलकाता और हल्दिया जैसे बंदरगाहों के आधुनिकीकरण पर जोर दिया जा रहा है। हल्दिया डॉक कॉम्प्लेक्स का मशीनीकरण किया जा रहा है, जिससे कार्गो संचालन तेज होगा और बंदरगाह की क्षमता बढ़ेगी। साथ ही कोलकाता डॉक सिस्टम में बास्कुल ब्रिज के नवीनीकरण और खिदिरपुर डॉक में कार्गो हैंडलिंग क्षमता बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है…
कोलकाता (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की मौजूदा तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला और राज्य में बदलाव का आह्वान किया। रैली में उपस्थित भारी भीड़ को देखकर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लोगों का उत्साह और जोश साफ बता रहा है कि बंगाल के लोग किस तरह के बदलाव की मांग कर रहे हैं। ब्रिगेड परेड ग्राउंड का इतिहास गवाह है कि जब भी बंगाल ने देश को दिशा दी है, तब यह मैदान बंगाल की आवाज बनकर सामने आया। उन्होंने कहा, “इस मैदान से अंग्रेजों के खिलाफ उठी आवाज पूरे हिंदुस्तान में क्रांति बन गई थी। आज एक बार फिर इसी मैदान से नए बंगाल की क्रांति का बिगुल बज गया है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाल की मौजूदा सरकार पर आरोप लगाया कि रैली को रोकने के लिए हरसंभव कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि टीएमसी ने रैली में आने वाले लोगों को चोर कहकर अपमानित किया, लेकिन जनता जानती है कि असली चोर कौन हैं। मोदी ने बताया कि पुल बंद करवा दिए गए, गाड़ियां रोकी गईं, ट्रैफिक जाम कराया गया और भाजपा के झंडे-पोस्टर हटवाए गए, फिर भी जनता ने विशाल जनसैलाब के रूप में रैली में भाग लिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल में ‘महाजंगलराज’ लाने वालों का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। राज्य में कानून का राज लौटने वाला है और जो भी कानून तोड़ेगा या अत्याचार करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, “चुन-चुनकर सभी जुल्मों का हिसाब लिया जाएगा। राज्य सरकार चाहे कितनी भी कोशिश कर ले, बदलाव की आंधी को कोई नहीं रोक सकता। मां दुर्गा का आशीर्वाद भाजपा और एनडीए के साथ है और यही शक्ति बंगाल में परिवर्तन लाएगी।
कोलकाता में विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज की पहलें पश्चिम बंगाल और पूरे पूर्वी भारत के विकास को नई गति देंगी। उन्होंने कहा कि सड़क, रेलवे और पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी 18 हजार करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं से व्यापार, उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और लोगों का जीवन आसान होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कोलकाता की धरती से पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। खड़गपुर–मोरेग्राम एक्सप्रेसवे के पूरा होने से राज्य के कई हिस्सों में आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी। दुबराजपुर बाईपास और कांग्सावती तथा शीलावती नदियों पर बनने वाले बड़े पुलों से कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। उन्होंने इन परियोजनाओं के लिए पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के लोगों को बधाई दी।
पीएम ने कहा कि सड़क, रेल और पोर्ट से जुड़ी ये परियोजनाएं पश्चिम बंगाल के आधुनिक भविष्य के लिए नए रास्ते खोलेंगी। इससे किसानों, व्यापारियों, उद्यमियों और छात्रों सभी को लाभ मिलेगा और पर्यटन तथा स्थानीय उद्योगों को भी गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत कनेक्टिविटी और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर ही विकसित बंगाल की मजबूत नींव बनेगा।


















