दुर्ग। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने प्रशासनिक कार्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जारी नवीनतम आदेश के अनुसार, संयुक्त कलेक्टर महेश सिंह राजपूत को महत्वपूर्ण अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी हैं। नए प्रभार के तहत श्री राजपूत अब अनुविभागीय अधिकारी (रा.) भिलाई-3 के साथ-साथ अनुविभागीय दण्डाधिकारी (SDM) भिलाई नगर एवं छावनी का कार्यभार भी संभालेंगे। इसके अतिरिक्त, उन्हें कलेक्टर द्वारा समय-समय पर सौंपे गए अन्य दायित्वों का निर्वहन भी करना होगा। यह आदेश तत्काल प्रभावशील हो गया है।
संयुक्त कलेक्टर शिल्ली थामस को मिला अतिरिक्त प्रभार
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जिले में प्रशासनिक कार्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नवीनतम आदेश के अनुसार, संयुक्त कलेक्टर शिल्ली थामस को महत्वपूर्ण अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी हैं। नए प्रभार के तहत शिल्ली थामस अब जिले की उप जिला निर्वाचन अधिकारी (सामान्य एवं स्थानीय निर्वाचन) के रूप में कार्यभार संभालेंगी। इसके अतिरिक्त, उन्हें पंचायत एवं नगरीय निकाय के परिसीमन कार्य की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी प्रदान की गई है। यह आदेश तत्काल प्रभावशील हो गया है।
अप्रैल के प्रथम सप्ताह में जिला स्तरीय रोजगार मेला, नियोजकों से रिक्तियों की जानकारी आमंत्रित
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र दुर्ग तथा क्रिश्चन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एण्ड टेक्नोलॉजी दुर्ग के संयुक्त तत्वावधान में अप्रैल माह के प्रथम सप्ताह में एक विशाल जिला स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन प्रस्तावित है। यह कार्यक्रम क्रिश्चन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एण्ड टेक्नोलॉजी, दुर्ग के परिसर में आयोजित किया जाएगा।
जिला रोजगार कार्यालय के उपसंचालक ने बताया कि निजी क्षेत्र के ऐसे नियोक्ता जो अपने संस्थानों में रिक्त पदों की भर्ती इस मेले के माध्यम से करना चाहते हैं, वे अपनी रिक्तियों की जानकारी छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग के ई-रोजगार पोर्टल के जरिए जिला रोजगार कार्यालय को प्रेषित कर सकते हैं। पोर्टल के माध्यम से रिक्तियां अधिसूचित करने के लिए नियोक्ताओं को ’रोजगार मेला हेतु पंजीयन’ कराना अनिवार्य होगा।
पंजीयन प्रक्रिया के लिए नियोक्ता के पास वैध जी.एस.टी. क्रमांक होना आवश्यक है तथा संबंधित दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। इस मेले का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करना और नियोक्ताओं को कुशल कार्यबल उपलब्ध कराना है। इच्छुक संस्थान एवं अधिक जानकारी चाहने वाले आवेदक किसी भी कार्य दिवस में जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, दुर्ग में संपर्क कर विस्तृत विवरण प्राप्त कर सकते हैं।


















