कांकेर। निखिल राखेचा, पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विगत दिनों में लगातार माओवादी कैडरों ने हिंसा का मार्ग त्यागकर मुख्यधारा में शामिल होने का निर्णय लिया है।इसी तारतम्य में पुनर्वास हेतु दिनांक 20 अप्रैल को पुनर्वास हेतु आगे आए माओवादी कैडर दारसु शोरी द्वारा एक AK 47 के साथ आत्मसमर्पण किया गया है। उस पर 8 लाख रुपए का इनाम घोषित है।
उत्तर बस्तर डिवीजन कमेटी PLGA कंपनी क्रमांक 05 PPCM दारसु शोरी से प्राप्त जानकारी के आधार पर इलाके में सक्रिय अन्य माओवादी कैडरों से संपर्क स्थापित कर उन्हें भी मुख्यधारा में शामिल कराने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज, सुन्दरराज पट्टलिंगम ने विगत दिनों में मुख्यधारा में शामिल होने के लिए आगे आए सभी माओवादी कैडरों के निर्णय का स्वागत करते हुए एक बार फिर शेष बचे कुछ माओवादी कैडरों से हिंसा त्यागकर मुख्यधारा में शामिल होने की अपील दोहराई।
पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो हिंसा का मार्ग छोड़कर मुख्यधारा में शामिल होना चाहते हैं, उनके लिए पुनर्वास का द्वार खुला है। लेकिन जो हिंसा का रास्ता चुनेंगे, उन्हें उचित और कड़ा जवाब दिया जाएगा।
















