BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

सीएम बनने के बाद पहली बार पीएम मोदी से मिले सम्राट चौधरी, ‘समृद्ध बिहार’ पर चर्चा

अब तक राज्य में केवल मुख्यमंत्री और दो उपमुख्यमंत्रियों ने शपथ ली है। बिजेंद्र प्रसाद यादव और विजय चौधरी को जनता दल (यूनाइटेड) की ओर से डिप्टी सीएम बनाया गया है, जबकि भाजपा कोटे से अभी तक किसी भी विधायक को मंत्री नहीं बनाया गया है…

 

 

नईदिल्ली (ए)। बिहार के मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की। पद संभालने के बाद यह उनकी प्रधानमंत्री से पहली मुलाकात रही, जिसमें ‘समृद्ध बिहार’ के विजन पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी गई। साथ ही प्रधानमंत्री और बिहार के मुख्यमंत्री की मुलाकात की तस्वीरें भी साझा की गईं।

मुलाकात के बाद सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री से ‘विकसित भारत और समृद्ध बिहार’ के विजन पर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का स्नेह और सहयोग बिहार की प्रगति को नई गति दे रहा है।

इस मुलाकात को बिहार में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार से जुड़ी चर्चाओं से भी जोड़कर देखा जा सकता है। फिलहाल राज्य का मंत्रिमंडल अधूरा है और इसे जल्द विस्तार देने की जरूरत महसूस की जा रही है।

अब तक राज्य में केवल मुख्यमंत्री और दो उपमुख्यमंत्रियों ने शपथ ली है। बिजेंद्र प्रसाद यादव और विजय चौधरी को जनता दल (यूनाइटेड) की ओर से डिप्टी सीएम बनाया गया है, जबकि भाजपा कोटे से अभी तक किसी भी विधायक को मंत्री नहीं बनाया गया है।

बिहार में कुल 33 मंत्रियों का प्रावधान है, लेकिन अभी तक पूर्ण मंत्रिमंडल का गठन नहीं हो सका है। ऐसे में नई सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती जल्द से जल्द कैबिनेट का विस्तार कर राज्य के विकास को गति देना है।

24 अप्रैल को बिहार विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सदन में विश्वास मत प्रस्ताव पेश करेंगे और अपनी सरकार के बहुमत को साबित करने की कोशिश करेंगे।

Related Posts