खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

मैं शीश महल बना सकता था, लेकिन मेरा सपना है कि देशवासियों को मिले पक्का घर: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने शुक्रवार को दिल्लीवासियों को 4,500 करोड़ की विभिन्न योजनाओं की सौगात दी। पीएम मोदी ने दिल्ली के अशोक विहार स्थित स्वाभिमान अपार्टमेंट में नवनिर्मित फ्लैटों की चाबियां लाभार्थियों को सौंपी…

 

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दिल्लीवासियों को 4,500 करोड़ की विभिन्न योजनाओं की सौगात दी। पीएम मोदी ने दिल्ली के अशोक विहार स्थित स्वाभिमान अपार्टमेंट में नवनिर्मित फ्लैटों की चाबियां लाभार्थियों को सौंपी और कहा कि देशवासियों को छत मिले ये उनका सपना है। पीएम मोदी ने वर्चुअली दो शहरी पुनर्विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिसमें नौरोजी नगर का वर्ल्ड ट्रेड सेंटर और सरोजिनी नगर में जीपीआरए टाइप-II क्वार्टर, द्वारका में सीबीएसई का एकीकृत कार्यालय परिसर शामिल है। प्रधानमंत्री मोदी ने नजफगढ़ के रोशनपुरा में वीर सावरकर कॉलेज की आधारशिला भी वर्चुअली रखी।

पीएम मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “यह वर्ष विश्व में भारत में अंतरराष्ट्रीय छवि को और सशक्त करने का होगा। यह वर्ष भारत को दुनिया का बड़ा मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने का वर्ष होगा। यह वर्ष युवाओं को नए स्टार्टअप और एंटरप्रेन्योरशिप में आगे बढ़ाने का होगा। यह वर्ष कृषि क्षेत्र में नए कीर्तिमानों का होगा। यह वर्ष महिला नेतृत्व विकास के हमारे मंत्र को नई ऊंचाई देने का होगा। यह वर्ष जीवन जीने में आसानी और जीवन स्तर बढ़ाने का होगा।”

उन्होंने आगे कहा, “साल 2025 भारत के विकास के लिए अनेक नई संभावनाएं लेकर आ रहा है। दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बनने की ओर हमारी यात्रा इस वर्ष और तेज होने वाली है। आज भारत, दुनिया में राजनीतिक और आर्थिक स्थिरता का प्रतीक बना है, 2025 में भारत की ये भूमिका और सशक्त होगी।”

प्रधानमंत्री मोदी ने बिना नाम लिए अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “देश भलीभांति जानता है कि मोदी ने कभी अपने लिए घर नहीं बनाया, लेकिन बीते 10 वर्षों में 4 करोड़ से अधिक लोगों का सपना पूरा किया है। मैं भी कोई शीश महल बना सकता था, लेकिन मेरे लिए तो मेरे देशवासियों को पक्का घर मिले, यही सपना था।”

पीएम मोदी ने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा, “जब देश उथल-पुथल भरे दौर से गुजर रहा था, इंदिरा गांधी की तानाशाही सरकार और आपातकाल के खिलाफ संघर्ष कर रहा था, तब मैं और मेरे कई साथी भूमिगत आंदोलन का हिस्सा थे। उस दौरान अशोक विहार मेरा निवास स्थान था और आज भी अशोक विहार जाने पर पुरानी यादें ताजा हो जाती हैं।”

उन्होंने कहा, “आज पूरा देश एकजुट होकर विकसित भारत के निर्माण के लिए काम कर रहा है। हमारा संकल्प है कि हर नागरिक के पास पक्का मकान हो और हम इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। इस लक्ष्य को हासिल करने में दिल्ली की अहम भूमिका है, यही वजह है कि भाजपा की केंद्र सरकार ने झुग्गियों की जगह पक्के मकान बनाने की पहल शुरू की है। ‘स्वाभिमान अपार्टमेंट्स,’ गरीबों के स्वाभिमान को, उनकी गरिमा को बढ़ाने वाले हैं। इन घरों के मालिक भले ही दिल्ली के अलग-अलग जगहों के लोग हों, लेकिन ये सब के सब मेरे परिवार के ही सदस्य हैं। “

प्रधानमंत्री ने लोगों को बधाई देते हुए कहा, “मैं विशेष रूप से उन साथियों, माताओं, बहनों को बधाई देता हूं, जिनकी एक तरह से नई जिंदगी शुरू हो रही है। झुग्गी की जगह पक्का घर, अपना घर, ये नई शुरुआत ही तो है। जिनको ये घर मिले हैं, ये उनके स्वाभिमान का घर है, ये आत्मसम्मान का घर है, ये नई आशाओं और नए सपनों का घर है। मैं आप सभी की खुशियों में आपके उत्सव का हिस्सा बनने यहां आया हूं।”

उन्होंने कहा, “विकसित भारत बनाने में बहुत बड़ी भूमिका हमारे शहरों की है। जहां दूर-दूर से लोग सपने लेकर आते हैं और बड़ी ईमानदारी से उन सपनों को पूरा करने में जिंदगी खपा देते हैं। इसलिए केंद्र की भाजपा सरकार शहरों में रहने वाले हर परिवार को क्वालिटी ऑफ लाइफ देने में जुटी है।”

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button