खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

तीसरे टेस्ट से बाहर हुए केएल राहुल: देवदत्त पडिक्कल को टीम में किया गया शामिल, बीसीसीआई ने की पुष्टि

बीसीसीआई ने केएल राहुल के तीसरे टेस्ट से बाहर होने की पुष्टि कर दी है। राहुल ने पहले टेस्ट मैच के दौरान दाहिने क्वाड्रिसेप्स में दर्द की शिकायत की थी। इस कारण वह दूसरे टेस्ट में नहीं खेल पाए थे। भारत ने दूसरे मुकाबले को अपने नाम किया था…

राजकोट (ए)। भारत को राजकोट में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले तीसरे टेस्ट से पहले एक बड़ा झटका लगा है। अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल तीसरे मुकाबले में नहीं खेलेंगे। उनकी चोट पूरी तरह ठीक नहीं हो पाई है और वह इस मैच का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। इसकी पुष्टि बीसीसीआई ने कर दी है।

उनकी जगह देवदत्त पडिक्कल को टीम में शामिल किया गया है। राहुल दूसरे टेस्ट में नहीं खेल पाए थे। सीरीज के अंतिम तीन टेस्ट मैच के लिए चुनी गई टीम में उन्हें रखा गया। वहीं, टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि रवींद्र जडेजा मैच से पहले पूरी तरह ठीक हो जाएंगे।

 

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, चोट से उबरने में नाकाम रहने के बाद राहुल तीसरे मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे। केएल राहुल की चोट में अब तक सुधार नहीं हुआ है। वह राजकोट टेस्ट का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।

राहुल को जब शेष तीन टेस्ट के लिए टीम में शामिल किया गया था, तब यह बताया गया था कि उनकी उपलब्धता पूरी ठीक होने पर निर्भर करेगी। राहुल अभी भी बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में हैं। टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि राहुल चौथे टेस्ट के लिए उपलब्ध होंगे।

 

राहुल ने हैदराबाद में पहले टेस्ट मैच के दौरान दाहिने क्वाड्रिसेप्स में दर्द की शिकायत की थी। इस कारण वह दूसरे टेस्ट में नहीं खेल पाए थे। भारत ने विशाखापत्तनम में खेले गए मुकाबले को अपने नाम किया था। उससे पहले हैदराबाद में इंग्लैंड को जीत मिली थी। पांच टेस्ट मैचों की सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है।

राहुल की जगह कर्नाटक के एक और बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल लेंगे। दोनों क्रिकेटर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लखनऊ सुपर जाएंट्स (एलएसजी) का प्रतिनिधित्व करते हैं। पडिक्कल रणजी ट्रॉफी में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ भारत ए के लिए भी प्रभावित किया था।

ऐसा माना जा रहा है कि ध्रुव जुरेल तीसरे टेस्ट मैच में केएस भरत के रिप्लेसमेंट के तौर पर विकेटकीपर के तौर पर डेब्यू कर सकते हैं। पहले दो टेस्ट में भरत का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं था। टीम प्रबंधन नए विकल्प की तलाश कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button