खास खबरछत्तीसगढ़फीचर्ड

मुख्यमंत्री ने पंडित माधवराव सप्रे की जयंती पर उन्हें किया नमन, आज एनसीसी और राज्य स्तरीय सिकलसेल स्क्रीनिंग एवं जागरूकता कार्यक्रम में होंगे शामिल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ में पत्रकारिता के जनक और साहित्यकार पंडित माधवराव सप्रे की आज 19 जून को जयंती पर उन्हें नमन किया है। सप्रे जी का स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सप्रे जी द्वारा रखी गई नींव पर ही आज छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता समृद्ध हो रही है। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय और साहित्यिक चेतना को विकसित करने में भी सप्रे जी का अमूल्य योगदान रहा है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान उनकी लेखनी ने सैकड़ों सत्याग्रहियों का मार्गदर्शन किया और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा दी। श्री सप्रे के रचनात्मक और मूल्यपरक लेखन ने छत्तीसगढ़ में पत्रकारिता को एक नई दिशा दी है।

श्री साय ने कहा कि श्री सप्रे जीवन भर देश और साहित्य की सेवा में लगे रहे। उनके कई लेख और कृतियां प्रकाशित हुई। उन्होंने अनेक संस्थाओं को जन्म दिया जिनके माध्यम से लोग देश और जन सेवा के लिए आगे आए। सन् 1900 में जब प्रकाशन के लिए पर्याप्त सुविधाएं और आधुनिक तकनीकी नहीं थी, उन्होंने वामनराव लाखे जी और रामराव चिंचोलकर जी के सहयोग से पेण्ड्रा में मासिक हिन्दी समाचार पत्र ‘छत्तीसगढ़ मित्र‘ का सम्पादन और प्रकाशन शुरू किया। श्री सप्रे द्वारा रचित कहानी ‘टोकरी भर मिट्टी‘ को भारतीय साहित्य में हिन्दी की पहली मौलिक कहानी का गौरव प्राप्त है। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री सप्रे का व्यक्तित्व और कृतित्व साहित्यकारों और पत्रकारों सहित आम जनता के लिए भी प्रेरणादायक है।

मुख्यमंत्री एनसीसी कैडेटों के ’एट होम’ कार्यक्रम में शामिल होंगे: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज 19 जून को अपने निवास कार्यालय में प्रातः 10 बजे आयोजित एनसीसी कैडेटों के एट होम कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री श्री साय इस कार्यक्रम में गणतंत्र दिवस परेड नई दिल्ली में शामिल हुए एनसीसी कैडेटों और अधिकारियों को सम्मानित करेंगे।

कार्यक्रम में एनसीसी महानिदेशालय नई दिल्ली के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल गुरूबिरपाल सिंह, परम विशिष्ट सेना मेडल, अति विशिष्ट सेना मेडल, विशिष्ट सेना मेडल और अपर महानिदेशक एनसीसी निदेशालय मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ भोपाल मेजर जनरल ए. के. महाजन भी उपस्थित रहेंगे।

मुख्यमंत्री आज राज्य स्तरीय सिकलसेल स्क्रीनिंग एवं जागरूकता कार्यक्रम में होंगे शामिल: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज 19 जून को पूर्वान्ह 11.30 बजे विश्व सिकलसेल दिवस के अवसर पर रायपुर मेडिकल कॉलेज के अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय सिकलसेल स्क्रीनिंग एवं जागरूकता कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

आदिम जाति विकास एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। स्कूल शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, मोतीलाल साहू, इंद्रकुमार साहू, गुरू खुशवंत साहेब विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।कार्यक्रम का आयोजन लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और आदिम जाति विकास तथा अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एंव अल्पसंख्यक विकास विभाग द्वारा किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button