देश-दुनियाफीचर्ड

Bikaner Land Case : रॉबर्ट वाड्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ करना चाहती है ED, राजस्थान हाई कोर्ट में दी अर्जी

जोधपुर (ए)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद और पार्टी महासचिव प्रियंका वाड्रा के पति रॉबर्ट वाड्रा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बीकानेर लैंड केस में वाड्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए राजस्थान हाई कोर्ट में अर्जी दी है। इस मामले की सुनवाई सोमवार को होगी। कोर्ट से इजाजत मिली तो वाड्रा को हिरासत में लिया जा सकता है। इससे पहले हाई कोर्ट ने ईडी को स्काई लाइट हॉस्पिटैलिटी कंपनी के पार्टनर्स को गिरफ्तार करने से रोक दिया गया था। रॉबर्ट वाड्रा और उनकी मां माउरीन वाड्रा कंपनी में पार्टनर हैं। बीकानेर लैंड केस में कोर्ट ने 21 जनवरी 2021 को दोनों को पूछताछ के लिए ईडी के सामने पेश होने का निर्देश दिया था। स्काई लाइट के लिए हाई कोर्ट में पेश होने वाले एक वकील ने पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर ईडी की अर्जी की पुष्टि की और बताया कि जवाब दाखिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ईडी की ओर से कहा गया है स्काई लाइट हॉस्पिटैलिटी कंपनी के पार्टनर्स के असहयोग की वजह से साक्ष्य संग्रह रोक दिया गया है। ईडी बीकानेर भूमि मामले में मनी लॉन्ड्रिंग मामले की प्रारंभिक जांच कर रही है। ईडी ने मामले में प्रवर्तन मामले की सूचना रिपोर्ट (ECIR) दर्ज की है और रॉबर्ट वाड्रा को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन 2018 में कंपनी ने इसके खिलाफ राजस्थान हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।

Related Articles

Back to top button