दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

महापौर ने मुख्यमंत्री से 100 बिस्तर अस्थायी कोविड केयर सेंटर बनाये जाने एवं विद्युत शवदाह यंत्र का किया मांग

भिलाई-03। नगर पालिक निगम, भिलाई-चरौदा के महापौर चंद्रकांता माण्डले द्वारा वार्ड क्र. 20 पंचशील नगर, चरौदा वेस्ट में निकाय द्वारा निर्मित मंगल भवन को 100 बिस्तर अस्थायी सर्वसुविधायुक्त कोविड केयर सेंटर बनाये जाने एवं कोरोना संक्रमण से मृत्यु उपरांत शवों को जलाने हेतु विद्युत व एलपीजी शवदाह यंत्र (Electric Crematiorium) उपलब्ध कराये जाने की मांग, मुख्यमंत्री एवं कलेक्टर को मांग-पत्र प्रेषित की गई है। गौरतलब है कि नगर पालिक निगम, भिलाई-चरौदा क्षेत्रांतर्गत हर रोज बढ़ती हुई संख्या में नए कोरोना संक्रमित मरीजों की पहचान की जा रही है। ऐसे में मरीज को अस्पताल में भर्ती करवाने के लिए उनके स्वजन को दिन-रात एक करना पड़ रहा है। इसके बाद भी शासकीय अस्पताल में जगह मिलने की कोई भी गारंटी नहीं है। किसी मरीज के डिस्चार्ज होने पर ही नए मरीज को जगह मिल रही है। कोविड मरीजों को उपचार के लिए दर-दर भटकने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। यदि जल्द ही संक्रमितों के उपचार के लिए नए कोविड अस्पताल नहीं बनाए गए तो स्थिति और भी बिगड़ सकती है। निकाय क्षेत्रांतर्गत केवल एक ही निजी अस्पताल है, जहाँ कोविड मरीजों एवं अन्य मरीजों के लिए कोई भी शासकीय सुविधा उपलब्ध नहीं है। आज प्राय: देखा जा रहा है कि सभी जगहों पर ऑक्सीजन युक्त कोविड बेड बढ़ाये जाने की मांग आ रही है। बढ़ते हुये कोरोना संक्रमित लोगों के अनुपात में अन्य अस्पतालों में बिस्तर कम पड़ रहे हैं, जिससे कोरोना संक्रमित मरीजों को जांच उपरांत घर पर ही होम आईसोलेशन में रहने की सलाह दी जा रही है। किन्तु होम आईसोलेशन के दौरान नियमित रूप से जांच एवं उपचार नहीं मिलने के कारण होम आईसोलेशन के दौरान संक्रमित मरीजों के मृत्युदर में बढ़ोत्तरी पाया गया है, यह एक बड़ी समस्या बन गई है। आज भिलाई-चरौदा में इतने तेजी के साथ कोरोना संक्रमण बढ़ रही है कि लोगों को अपनी स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही है। पूरे अस्पताल में कोविड के मरीज से भरे पूरे हैं। निगम क्षेत्र में जल्द से जल्द कोविड केयर सेंटर नहीं बनाया गया तो आने वाले दिनों में और बदत्तर स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। महापौर ने मुख्यमंत्री से निगम क्षेत्र में बढ़ रहे कोरोना के मरीजों को देखते हुए निगम के अधिकारी एवं जिला प्रशासन से चर्चा कर जल्द से जल्द मंगल भवन चरौदा को सर्वसुविधायुक्त कोविड केयर सेंटर बनाये जाने की मांग की है। निगम महापौर चंद्रकांता माण्डले ने निगम क्षेत्र के निवासियों को कोरोना संक्रमण की बढ़ती संख्या को देखते हुए आगाह किया कि गाईड लाईन का पालन करते हुए सभी लोग मास्क लगावें और एक-दूसरे को मास्क लगाने हेतु प्रेरित करें। सभी लोग अपनी अपनी जागरूकता दिखाते हुए मास्क पहने, शासन प्रशासन का भरपूर मदद करें।

Related Articles

Back to top button