फीचर्डविविध

IPL-2021: रिकॉर्ड 9वीं बार फाइनल में पहुंची चेन्नई, रोमांचक मुकाबले में दिल्ली को दी मात

नईदिल्ली (ए)। दुबई में खेले गए क्वालीफायर मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर चेन्नई सुपर किंग्स रिकॉर्ड 9वीं बार फाइनल में पहुंच गई है. कप्तान एमएस धोनी ने चौका लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई. उन्होंने सिर्फ छह गेंदो में नाबाद 18 रन बनाए. इसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल रहा. इसके अलावा रॉबिन उथप्पा और रुतुराज गायकवाड़ ने अर्धशतकीय पारी खेली. उथप्पा ने 44 गेंदो में 63 और गायकवाड़ ने 50 गेंदो में 70 रन बनाए. दिल्ली कैपिटल्स ने पहले खेलने के बाद 20 ओवर में पांच विकेट पर 172 रन बनाए थे. इसके जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स ने छह विकेट खोकर अंतिम ओवर में जीत हासिल की।

आखिरी ओवर की कहानी

चेन्नई को आखिरी ओवर में जीत के लिए 13 रनों की ज़रूरत थी. दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने दो विकेट ले चुके टॉम कर्रन को गेंद सौंपी. टॉम ने पहली गेंद पर मोईन को कैच आउट कराया. अब पांच गेंदो में 13 रन बनाने थे. हालांकि, चेन्नई के लिए अच्छी बात यह थी कि क्रीज़ पर एमएस धोनी आ गए थे. धोनी ने दूसरी गेंद पर शानदार चौका लगाया. अब चेन्नई को जीत के लिए चार गेंदो में 9 रन बनाने थे. धोनी अगली गेंद पर फिर चौका मारा और अब उनकी टीम को जीत के लिए तीन गेंदो में पांच रन बनाने थे. इसके बाद टॉम ने वाइड फेंकी. और फिर धोनी ने अगली गेंद पर चौका जड़ दिया. इस तरह चेन्नई ने दो गेंद शेष रहते लक्ष्य का पीछा कर लिया।

खराब रही थी चेन्नई की शुरुआत

दिल्ली से मिले 173 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. शानदार फॉर्म में चल रहे फाफ डू प्लेसिस पहले ही ओवर में पवेलियन लौट गए थे. वह सिर्फ एक रन ही बना सके. उन्हें एनरिक नॉर्किया ने बोल्ड किया. इसके बाद रॉबिन उथप्पा और रुतुराज गायकवाड़ ने दूसरे विकेट के लिए 110 रनों की साझेदारी की।

ऐसा लग रहा था कि चेन्नई आसानी से मैच जीत लेगी, लेकिन अचानक टॉम कर्रन ने मैच का रुख दिल्ली की तरफ मोड़ दिया. उन्होंने पहले उथप्पा (44 गेंदो 63 रन) और फिर शार्दुल ठाकुर (00) को आउट किया. इसके बाद अंबाती रायडू सिर्फ एक रन पर रन आउट हो गए. हालांकि, गायकवाड़ डटे रहे और मैच को नज़दीक लेकर गए. उन्होंने 50 गेंदो में पांच चौकों और दो छक्को की बदौलत 70 रन बनाए. वहीं मोईन अली सिर्फ 12 गेंदो में 16 रन ही बना सके. एंड वक्त पर धोनी ने कमाल कर दिया और छह गेंदो में 18 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिला दी. वहीं दिल्ली कैपिटल्स के लिए टॉम कर्रन ने सबसे ज्यादा तीन विकेट चटकाए. इसके अलावा एनरिक नॉर्किया और आवेश खान को एक-एक सफलता मिली।

दिल्ली ने बनाए थे 172 रन

इससे पहले टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. शानदार फॉर्म में चल रहे शिखर धवन सात गेंदो में सिर्फ सात रन बनाकर आउट हो गए. उन्हें जोश हेजलवुड ने धोनी के हाथों कैच आउट कराया. हालांकि, इसके बाद पृथ्वी शॉ चेन्नई के गेंदबाजों पर टूट पड़े।

शॉ ने सिर्फ 34 गेंदो में 60 रनों की तूफानी पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से सात चौके और तीन छक्के निकले. हालांकि, उन्हें दूसरे छोर पर किसी का साथ नहीं मिल रहा था. इस बीच श्रेयस अय्यर 01 और अक्षर पटेल 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

11वें ओवर में 80 रनों के स्कोर पर चार विकेट गिर जाने के बाद शिमरन हेटमायर और कप्तान ऋषभ पंत के बीच 83 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई. हेटमायर ने 24 गेंदो में तीन चौकों और एक छक्के की बदौलत 37 रन बनाए. वहीं कप्तान पंत 35 गेंदो में 51 रन बनाकर नाबाद रहे. उन्होंने तीन चौके और दो छक्के लगाए. साथ ही टॉम कर्रन शून्य पर नाबाद लौटे।

Related Articles

Back to top button