खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

एक्शन में चुनाव आयोग: ममता की TMC शरद पवार की NCP और CPI से छीना राष्ट्रीय स्तर का दर्जा, AAP को दिया राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा

शरद पवार की एनसीपी से पूर्वोत्तर के राज्यों में हुई हार के बाद राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा छिन गया है. लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास पासवान) को नागालैंड में राज्य स्तर की पार्टी का दर्जा मिला है…

नईदिल्ली (ए)। केंद्रीय चुनाव आयोग ने अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दे दिया है. आम आदमी पार्टी का चुनाव चिह्न झाड़ू जारी रहेगा. चुनाव आयोग ने सोमवार 10 अप्रैल को कहा कि ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस, शरद पवार की एनसीपी और सीपीआई (CPI) का राष्ट्रीय स्तर का दर्जा छिन गया है. पूर्वोत्तर के राज्यों में हुई हार के बाद एनसीपी से राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा छिना है।

आयोग ने कहा कि आप को चार राज्यों- दिल्ली, गोवा, पंजाब और गुजरात में उसके चुनावी प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिया गया है. बीजेपी, कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा), नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) और आप अब राष्ट्रीय दल हैं. लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास पासवान) को नागालैंड में राज्य स्तर की पार्टी का दर्जा मिला है. तृणमूल कांग्रेस का बंगाल और त्रिपुरा में राज्य स्तर की पार्टी का दर्जा जारी रहेगा. टिपरा मोथा पार्टी को त्रिपुरा में एक राज्य पार्टी के रूप में मान्यता मिली है।

बीआरएस को आंध्र प्रदेश में एक राज्य पार्टी के रूप में अमान्य किया गया है. भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय लोक दल का एक राज्य पार्टी का दर्जा वापस ले लिया है. रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी को पश्चिम बंगाल में एक राज्य पार्टी के रूप में अमान्य किया. मेघालय में वॉइस ऑफ द पीपुल पार्टी को राज्य स्तरीय पार्टी के रूप में मान्यता मिली।

आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिलने पर दिल्ली के सीएम और आप के राष्ट्रीय संजोयक अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि इतने कम समय में राष्ट्रीय पार्टी? ये किसी चमत्कार से कम नहीं. सबको बहुत बहुत बधाई. देश के करोड़ों लोगों ने हमें यहां तक पहुंचाया. लोगों को हमसे बहुत उम्मीद है. आज लोगों ने हमें ये बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है. हे प्रभु, हमें आशीर्वाद दो कि हम ये जिम्मेदारी अच्छे से पूरी करें।

आप सांसद राघव चड्ढा ने ट्वीट किया कि सिर्फ 10 साल में अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने वो कर दिखाया जो बड़ी पार्टियों को करने में दशकों लग गए. हर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता जिसने इस पार्टी के लिए खून पसीना बहाया, सत्ता की लाठियों, आंसू गैस और पानी की बौछारों का सामना किया, उन सबको सलाम. इस नए आगाज के लिए सबको बधाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button