खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

कोहरे की चपेट में आधा देश: दिल्ली से मध्य प्रदेश तक कई शहरों में दृश्यता शून्य, 177 उड़ानें रद्द, ट्रेन भी प्रभावित

धुंध और कोहरे के कारण हवाई सेवाएं अवरुद्ध हैं और रेलगाड़ियों का आवागम भी विलंबित है। दिल्ली के कई इलाकों में एक्यूआई 400 के पार है। दिल्ली और उत्तर-पूर्वी भारत के कई हिस्सों में कोहरे के कारण दृश्यता कम है, जिससे उड़ानों के समय पर असर पड़ रहा है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि हवाई अड्डे जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच कर लें…

 

 

नईदिल्ली (ए)। उत्तर भारत समेत देश के बड़े हिस्से में मौसम ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। जम्मू-कश्मीर से लेकर झारखंड तक आधा भारत घने कोहरे और धुंध की चपेट में है। दिल्ली से मध्य प्रदेश तक कई शहरों में दृश्यता शून्य दर्ज की गई। सड़कों पर वाहन थम से गए, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। राजधानी दिल्ली में कोहरे के साथ जहरीली धुंध ने हालात और गंभीर बना दिए हैं।

शनिवार सुबह पंजाब से लेकर बिहार तक गंगा के मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। उत्तर प्रदेश, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में भी कोहरे की मोटी परत देखी गई। दिल्ली में हालात सबसे खराब रहे, जहां 177 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं और 500 से ज्यादा उड़ानों में औसतन 49 मिनट की देरी हुई। इसका सीधा असर यात्रियों और दैनिक आवाजाही पर पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार, उपग्रह से मिली तस्वीरों में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और बिहार में घना कोहरा साफ दिखा। सुबह 5:30 बजे उत्तर प्रदेश के आगरा, बरेली, सहारनपुर, गोरखपुर, पंजाब के अमृतसर, बठिंडा, लुधियाना, आदमपुर, दिल्ली के सफदरजंग, हरियाणा के अंबाला, मध्य प्रदेश के ग्वालियर, बिहार के भागलपुर और झारखंड के डाल्टनगंज में दृश्यता शून्य दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के कई शहरों के लिए घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। विभाग ने हादसों की आशंका जताते हुए वाहन चालकों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी। दिल्ली में पहले ही रेड अलर्ट जारी किया गया था। दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए और कई ट्रेनें अपने तय समय से देर से चलीं।

राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उड़ानों के रद्द और विलंब होने से यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। कई यात्रियों को घंटों एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। रेलवे सेवाएं भी प्रभावित रहीं और उत्तर भारत से गुजरने वाली कई ट्रेनें देरी से चलीं। सड़कों पर कम दृश्यता के चलते यातायात पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी।

दिल्ली-एनसीआर में लोगों को मौसम की दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। घने कोहरे के साथ जहरीली धुंध ने सांस लेना मुश्किल कर दिया है। राजधानी में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 374 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। नोएडा में एक्यूआई 410 के साथ गंभीर स्तर पर पहुंच गया। ग्रेटर नोएडा में 376, गाजियाबाद में 358 और गुरुग्राम में 322 एक्यूआई दर्ज किया गया। हालात को देखते हुए लोगों को घरों में रहने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button