देश-दुनियाफीचर्डविविध

T-20 वर्ल्डकप: आज भारत और पाक के महामुकाबला पर रहेगी पूरी दुनिया की नजर: आखिरी बार 2019 मे भिड़ी थी दोनों टीम

पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले विराट कोहली ने हार्दिक पांड्या को लेकर भी बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि पांड्या 2 ओवर गेंदबाजी कर सकते हैं।

नईदिल्ली (ए)। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को खेले जाने वाले महामुकाबले पर पूरी दुनिया की नजर होगी. भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान से अब तक नहीं हारी है. आखिरी बार दोनों टीमें 2019 आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में भिड़ी थीं, जहां भारत ने पाकिस्तान को हराया था. इस बार भी टीम इंडिया अच्छे फॉर्म में दिखाई दे रही है. वह अपने इस रिकॉर्ड को कायम रखने के लिए मैदान पर उतरेगी. दोनों ही टीमों में बड़े खिलाड़ी मौजूद हैं, अकेले अपने दम पर मैच का रुख बदल सकते हैं. इस मैच से पहले भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने बड़ा बयान दिया है।

मैच से पहले यह बोले विराट
पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले विराट कोहली से जब पिछले रिकॉर्ड्स को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “हमने कभी इस तरह की डिस्कशन नही किया है. हमारे हिसाब से पाकिस्तान काफी मजबूत टीम है और हम लोगों को जीतने के लिए अच्छा क्रिकेट खेलना होगा.” कोहली ने कहा, “दो- चार गेंदों में टी-20 क्रिकेट के सारे समीकरण बदल जाते है, उसको ध्यान में रखते हुए खेलना पड़ेगा।”

पिच को लेकर यह बोले कोहली 
पिच को लेकर कोहली ने कहा, “आईपीएल में जैसे पिच पर टीमों ने मैच खेले थे, उससे बेहतर पिच मिलने की उम्मीद है. आईसीसी बल्लेबाजों के लिए बेहतर पिच बनाएगी. मैच के दौरान ड्यू फैक्टर भी अहम रहेगा.” बायो बबल में रहकर क्रिकेट खेलने के सवाल पर विराट ने कहा, “हर हफ्ते आपके सामने नया चैलेंज होता है. बायो बबल में रहकर खेलना आसान नही है, लेकिन ये एक नया चैलेंज है. बैलेंस बनाकर रखना बहुत महत्वपूर्ण है, ताकि खिलाड़ी बीच बीच मे मेंटली रिफ्रेश होकर आएं और बेहतर क्रिकेट खेल सकें।”

कप्तान ने दिए संकेत, मैच में गेंदबाजी करेंगे हार्दिक पांड्या 
मैच से पहले हार्दिक पांड्या की गेंदबाजी भूमिका पर विराट कोहली ने कहा, “मुझे लगता है कि हार्दिक पांड्या वर्तमान में अपनी फिजिकल कंडीशन के साथ, इस टूर्नामेंट में हमारे लिए कम से कम 2 ओवर गेंदबाजी करने के लिए तैयार हो रहे हैं.” इसके अलावा टी20 वर्ल्ड कप के बाद टी20 की कप्तानी छोड़ने के सवाल पर कोहली ने कहा, “हमारा ध्यान इस विश्व कप में एक टीम के रूप में अच्छा खेलने पर है और हमें वह करना है जो हमें करने की जरूरत है. लोग कुछ ऐसा खोदने की कोशिश कर रहे हैं, जो मौजूद नहीं है. मैं कोई ऐसा व्यक्ति नहीं हूं जो इस बात को महत्व दूंगा।”

Related Articles

Back to top button