छत्तीसगढ़फीचर्ड

आज देशभर में कमल खिल चुका है, खिलता जा रहा है : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी के पहले अध्यक्ष, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की वह भविष्यवाणी सत्य हो गई है कि अंधेरा छँटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा। आज आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीति पार्टी के रूप में भारतीय जनता पार्टी स्थापित हो चुकी है। सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के सतत परिश्रम और पुरुषार्थ से भाजपा ने अब तक की यह यात्रा तय की है।

श्री साय मंगलवार को यहाँ रायपुर शहर जिला भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। भाजपा के स्थापना दिवस के निमित्त आहूत कार्यक्रमों की श्रृंखला में मंगलवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में रायपुर शहर जिला भाजपा का कार्यकर्ता सम्मेलन और कार्यकर्ता सम्मान समारोह रखा गया था। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय थे, कार्यक्रम की अध्यक्षता मंत्री केदार कश्यप ने की एवं कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सांसद बृजमोहन अग्रवाल थे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में भाजपा स्थापना दिवस और श्री रामनवमी पर्व की बधाई देते हुए भारतीय जनसंघ व भाजपा के संस्थापकों व पार्टी पितृ पुरुषों और कार्यकर्ताओं का स्मरण करते हुए नमन किया। श्री साय ने कहा कि हम सब सौभाग्यशाली हैं छत्तीसगढ़ राज्य भगवान श्री राम का ननिहाल है। डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने जनसंघ की स्थापना की और हम सब उनको आदर्श मानकर आगे बढ़ रहे हैं। श्रद्धेय अटल जी भाजपा के संस्थापक व पहले अध्यक्ष और हमारे छत्तीसगढ़ के निर्माता भी रहे हैं।

श्री साय ने कहा कि आज हम छत्तीसगढ़ प्रदेश का रजत जयंती वर्ष मना रहे हैं। जनसंघ से लेकर भाजपा तक की राजनीतिक यात्रा की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पहले पार्टी के दो सांसद हुआ करते थे, तब सत्ता पक्ष के लोग मजाक उड़ाकर व्यंग्य करते थे- हम दो हमारे दो। तब श्रद्धेय अटल जी कहा था कि अभी तो आप लोगों की हँसने की बारी है। एक समय आएगा कि पूरा देश भाजपा के साथ होगा। आज देशभर में कमल खिल चुका है, खिलता जा रहा है। श्री साय ने कहा कि भाजपा की इस सफलता और जन-विश्वास को हमें आगे बढ़ाना है और पार्टी की मजबूती को बनाकर रखना है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी तीन बार प्रधानमंत्री रहे। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जो दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं, लगातार तीसरी बार इस देश के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं। देश में एनडीए की सरकार चल रही है। भाजपा आज इतनी बड़ी पार्टी हो गई है। आज प्रधानमंत्री श्री मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ की विचारधारा के साथ पार्टी कार्य कर रही है। डॉ. मुखर्जी जी ने कहा था कि कश्मीर से धारा 370 हटनी चाहिए जिसे प्रधानमंत्री श्री मोदी ने हटाया। देश को तीन तलाक के जंजाल से मुक्ति दिलाई। अयोध्या में प्रभु श्री रामलला का भव्य मंदिर बनाने के बाद हाल ही वक्फ बोर्ड संशोधन विधेय संसद से पारित होकर कानून बना है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ में भी भाजपा की चौथी बार सरकार बनी है। उन लोगों का भरोसा भाजपा पर बढ़ा है। 54 सीटों पर भाजपा को जीत मिली है। नगर निगम एवं पंचायत चुनाव में भी भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। आज हमें इतनी बड़ी सफलता आप सभी लोगों की मेहनत से मिली है। सभी लोगों ने तन-मन-धन से चुनाव में काम किया है जिसकी वजह से हमें इतनी विशाल जीत मिली है।

श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता का भरोसा जीता है। 18 लाख लोगों को प्रधानमंत्री आवास बनाने की स्वीकृति दे दी गई है, किसानों से किए सभी वादों को हमने पूरा किया है, धान की खरीदी एवं अंतर की राशि भी किसानों को दे दी गई है। 70 लाख से अधिक महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। तेंदूपत्ता की खरीदी 5,500 रु. में कर रहे हैं, भूमिहीन कृषि मजदूरों के खातों में 10 हजार रु. सालाना दे रहे हैं। मुख्यमंत्री तीर्थ योजना का शुभारंभ भी हो गया है।

श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक धनी प्रदेश है, खनिज संपदा से परिपूर्ण है। यहां आयरन है, सोना है, विभिन्न प्रकार की खनिज संपदा प्रचुर मात्रा में है। हमें छत्तीसगढ़ को एक विकसित और संपन्न छत्तीसगढ़ बनाना है। हम आज सुशासन तिहार भी मना रहे हैं। छत्तीसगढ़ में सुशासन स्थापित करने का काम भाजपा की सरकार कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button