खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

एग्जिट पोल के बाद जमकर झूमा बाजार: सेंसेक्स-निफ्टी ने बनाया रिकॉर्ड, ऑल टाइम हाई पर

एग्जिट पोल के अनुमानों के बाद पहले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स और निफ्टी अपने-अपने नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गए। इससे पहले प्री ओपनिंग के दौरान सेसेंक्स ने 2600 अंक से ऊपर की छलांग लगाई। वहीं, निफ्टी भी 800 अंक से ज्यादा की बढ़त के साथ खुला और एक समय अपने ऑल टाइम हाई 76,583.29 तक पहुंचा…

 

मुंबई (ए)। लोकसभा चुनाव के परिणाम से एक दिन पहले और एग्जिट पोल के अनुमानों के बाद सोमवार को शेयर बाजार जमकर झूमा। सेंसेक्स और निफ्टी शुरुआती कारोबार में अपने-अपने सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गए। इससे पहले प्री ओपनिंग के दौरान सेसेंक्स ने 2600 अंक से ऊपर की छलांग लगाई। वहीं, निफ्टी भी 800 अंक से ज्यादा की बढ़त के साथ खुला। एक समय अपने ऑल टाइम हाई 76,583.29 तक पहुंचा।

दरअसल, शेयर बाजार में सोमवार को अभूतपूर्व तेजी देखने को मिली। एग्जिट पोल में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की निर्णायक जीत का अनुमान लगाए जाने के बाद शेयर बाजार अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। इससे निवेशकों में काफी उत्साह देखने को मिला। सेंसेक्स 1859.88 अंकों की बढ़त के साथ 75,821.19 के रिकॉर्ड स्तर पर खुला। इसी तरह निफ्टी भी 603.85 अंकों की उछाल के साथ 23,134.55 पर खुला। इस दौरान निफ्टी बैंक पहली बार 50 हजार के पार पहुंच गया।

एग्जिट पोल के अनुमानों में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनने का अनुमान जताया गया है। लगभग सभी एग्जिट पोल्स में भाजपा और उसकी सहयोगी पार्टियों को बहुमत मिलने की उम्मीद जताई गई है। सभी अनुमानों में एनडीए को औसतम 374 सीटें मिल सकती है। चुनाव परिणाम चार जून को आने हैं। सोमवार के शुरुआती कारोबारी सत्र के दौरान बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 11.1 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 423.21 लाख करोड़ रुपये हो गया। सेंसेक्स सभी 30 शेयर सोमवार को हरे निशान पर करोबार करते दिखे। पावर ग्रिड, एनटीपीसी, लार्सन एंड टुब्रो, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, एक्सिस बैंक, इंडसइंड बैंक और आईसीआईसीआई बैंक और महिंद्रा एंड महिद्रा के शेयर टॉप गेनर्स रहे।

सेक्टरवार निफ्टी पीएसयू बैंक्र ऑयल एंड गैस, वित्तीय सेवाएं, मेटल, रियल्टी और ऑटो सेक्टर के बढ़त तीन से पांच प्रतिशत की बढ़त के खुला। सोमवार को शुरुआती कारोबार में रुपया 38 पैसे की बढ़त के साथ 83.04 रुपये पर पहुंच गया। गुरुवार को क्रूड ऑयल की कीमतों में हल्का बदलाव दिखा। यह बदलाव ओपीईसी की ओर से 2025 में कच्चे तेल के उत्पादन में कटौती के संकेत देने के बाद आया है। इससे पहले मई महीने के आखिरी दिन विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 1613.24 करोड़ रुपये की खरीदारी की। वहीं, घरेलू निवेशकों ने 2,114.17 करोड़ रुपये की खरीदारी की।

एशियाई बाजारों में सियोल, टोक्यो और हॉन्ग-कॉन्ग में बढ़त वहीं शंघाई में गिरावट के साथ कारोबार होता दिखा। ज्यादातर अमेरिकी बाजार में शुक्रवार को हरे निशान पर क्लोजिंग हुई।

मार्च 2024 को समाप्त हुए वित्तीय वर्ष में भारत की विकास दर 8.2% रही। इसके साथ ही भारत प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेजी से बढ़ने वाली इकोनॉमी रही। इससे भी निवेशकों के बीच सकारात्मक रुझान बना। सुबह 10 बजकर 39 मिनट पर सेंसेक्स 1,989.44 (2.68%) अंकों की बढ़त के साथ 75,978.12 जबकि निफ्टी 608.35 (2.70%) अंक मजबूत होकर 23,139.05 पर कारोबार करता दिखा।

एग्जिट पोल्स में एनडीए सरकार की वापसी के अनुमानों के बाद अदाणी समूह के शेयरों में सोमवार के शुरुआती कारोबार में 16% तक की बढ़त दर्ज की गई। सोमवार को अदाणी समूह की 10 लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 1.4 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 19.24 लाख करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान बीएसई पर पिछले छह महीनों में लगभग दोगुना हो चुके अदाणी पावर के शेयर 16% चढ़कर 52 हफ्तों के उच्चतम स्तरों पर 875 रुपये पर पहुंच गए। निफ्टी में अदाणी पोर्ट्स के शेयर 9% की बढ़त के साथ टॉप गेनर रहे। अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयरों में 7% की बढ़त दर्ज की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button