खास खबरफीचर्डविविध

एशिया कप में भारत का आज पहला मुकाबला मेजबान संयुक्त अरब अमीरात से, जानिए समय और डिटेल?

भारतीय टीम का यह पहला मैच 14 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले अभ्यास जैसा साबित हो सकता है। भारतीय टीम अभी तक इस बात पर अंतिम निर्णय नहीं ले पाई है कि यूएई के खिलाफ शुरुआती मुकाबले में वह तीसरे स्पिनर को टीम में शामिल करेगी या फिर किसी विशेषज्ञ तेज गेंदबाज को उतारेगी…

 

नईदिल्ली (ए)। एशिया कप टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट में भारत आज 10 सितंबर यानी बुधवार को अपने अभियान की शुरुआत मेजबान संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ करेगा। इस मैच को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही है कि टीम मैनेजमेंट अंतिम एकादश में किन खिलाड़ियों को मौका देगा और किन्हें बाहर बैठना पड़ेगा। हालांकि, टीम प्रबंधन का मुख्य ध्यान ऑलराउंडरों के सहारे संतुलन साधने पर होगा। भारतीय टीम खिताब की प्रबल दावेदार है। मैच भारतीय समयानुसार बुधवार रात आठ बजे शुरू होगा, जबकि टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम साढ़े सात बजे होगा।

भारतीय टीम अभी तक इस बात पर अंतिम निर्णय नहीं ले पाई है कि यूएई के खिलाफ शुरुआती मुकाबले में वह तीसरे स्पिनर को टीम में शामिल करेगी या फिर किसी विशेषज्ञ तेज गेंदबाज को उतारेगी। मुख्य कोच गौतम गंभीर के पद संभालने के बाद से ही भारत ने लगभग हर फॉर्मेट में ऑलराउंडरों को अहमियत दी है। इस रणनीति का उद्देश्य बल्लेबाजी को गहराई देना है ताकि टीम के पास आठवें नंबर तक भरोसेमंद बल्लेबाज मौजूद हों।

भारतीय टीम का यह पहला मैच 14 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले अभ्यास जैसा साबित हो सकता है। अमीरात की टीम को ऑन पेपर कमजोर माना जाता है, ऐसे में यह मैच भारतीय टीम प्रबंधन को यह परखने का मौका देगा कि आगे के मैचों के लिए कौन-सा संयोजन सबसे बेहतर रहेगा।
यूएई खिलाड़ियों के लिए बड़ा अवसर
मेजबान यूएई के क्रिकेटरों के लिए यह मुकाबला उनके जीवन का सबसे अहम मैच साबित हो सकता है। भारतीय टीम के खिलाफ खेलते हुए जसप्रीत बुमराह का सामना करना या फिर शुभमन गिल जैसे बल्लेबाज को गेंदबाजी करना किसी एसोसिएट देश के खिलाड़ी के लिए सामान्य बात नहीं है। एशिया कप उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के माहौल से परिचित कराएगा और उनके खेल को निखारने का मौका देगा।
विकेटकीपर की पहेली सुलझी
भारतीय टीम में लंबे समय से चली आ रही विकेटकीपर की दुविधा भी फिलहाल अनसुलझी दिख रही है। हालांकि, संजू सैमसन और जितेश शर्मा में से जितेश को प्राथमिकता दी जा सकती है। सैमसन की विस्फोटक बल्लेबाजी के बावजूद जितेश की फिनिशर की भूमिका टीम प्रबंधन को ज्यादा उपयुक्त लग सकती है।
गिल की वापसी से सैमसन की राह मुश्किल
शीर्ष क्रम में शुभमन गिल की वापसी के कारण भी सैमसन के लिए प्लेइंग-11 में जगह बनाना मुश्किल हो गया है। अब गिल और अभिषेक शर्मा भारतीय पारी की शुरुआत करेंगे। तीसरे नंबर की स्थिति पर तिलक वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करके अपनी जगह मजबूत की है। यही वजह है कि वह टी20 विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच चुके हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव तीसरे या चौथे नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं।
ऑलराउंडरों पर टिकी निगाहें
शीर्ष और मध्यक्रम के बाद बारी ऑलराउंडरों की आती है। यहां हार्दिक पांड्या की भूमिका अहम हो जाती है। वह टीम को एक कुशल बल्लेबाज और एक भरोसेमंद तेज गेंदबाज दोनों विकल्प देते हैं। इसके अलावा शिवम दुबे भी बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं और धीमी पिचों पर स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ बड़े शॉट खेलने में माहिर हैं। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में रिंकू सिंह को मौका मिलने की बात भी चल रही ही।
निचले क्रम का संतुलन
नंबर सात पर विकेटकीपर-बल्लेबाज जितेश शर्मा फिट बैठते हैं, खासकर उनके आरसीबी के लिए आईपीएल में किए गए दमदार प्रदर्शन को देखते हुए। इसके बाद अक्षर पटेल आते हैं, जो टीम को एक उपयोगी स्पिनर के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी योगदान देने का भरोसा देते हैं।
गेंदबाजी विभाग की मजबूती
तेज गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह की जगह लगभग तय मानी जा रही है। दोनों के चयन से गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलती है और केवल एक स्थान चयन के लिए बचता है। सितंबर में एशिया कप खेले जाने का मतलब है कि दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच मार्च की तुलना में अधिक हरी-भरी और ताजी होगी, जिसमें उछाल भी ज्यादा होगा।
दुबई की पिच और स्पिनरों की स्थिति
मार्च में यहां चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान भारत ने रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती जैसे चार स्पिनरों को खिलाया था। हालांकि, इस बार परिस्थितियां बदली हुई हैं। अगर टीम प्रबंधन अक्षर के साथ किसी और स्पिनर को शामिल करने का फैसला करता है, तो उसके पास कुलदीप और चक्रवर्ती जैसे दो अच्छे विकल्प मौजूद हैं। इसके अलावा अभिषेक भी बाएं हाथ से स्पिन करा सकते हैं।
यूएई टीम के लिए सुनहरा मौका
मेजबान यूएई के लिए यह टूर्नामेंट अपनी क्षमता साबित करने का सुनहरा अवसर है। उनके खिलाड़ी जैसे मुहम्मद वसीम, राहुल चोपड़ा और सिमरनजीत सिंह, अनुभवी कोच लालचंद राजपूत के मार्गदर्शन में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने को तैयार हैं। यह प्रतियोगिता उनके लिए एशिया की शीर्ष टीमों के सामने अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बेहतरीन मंच होगी।
भारत और यूएई के बीच एशिया कप 2025 का मुकाबला कितने बजे शुरू होगा?
भारत और यूएई के बीच एशिया कप 2025 का मुकाबला भारतीय समयानुसार रात आठ बजे से शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम 7.30 बजे होगा।

भारत और यूएई के बीच एशिया कप 2025 का मुकाबला कहां देख सकेंगे?
भारत और यूएई के बीच एशिया कप 2025 मुकाबले के प्रसारण अधिकार सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शिवम दुबे/रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती/कुलदीप यादव।

संयुक्त अरब अमीरात: मुहम्मद वसीम (कप्तान), अलीशान शराफू , आसिफ खान, अर्यांश शर्मा, राहुल चोपड़ा (विकेटकीपर), सिमरनजीत सिंह, ध्रुव पराशर, जुनैद सिद्दीकी, मुहम्मद जवादुल्लाह, मुहम्मद फारूक, मतीउल्लाह खान।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button