खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

ऑस्ट्रेलिया को हराकर भारत ने सेमीफाइनल में किया प्रवेश, रोहित शर्मा ने गेल और युवराज का तोड़ा रिकार्ड

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रोहित ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। 92 रनों की पारी खेलकर वह टी20 विश्व कप में भारत के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। इस लिस्ट में शीर्ष पर सुरेश रैना हैं, जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2010 में 101 रनों की तूफानी पारी खेली थी…

नईदिल्ली (ए)। भारत ने सोमवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 24 रनों से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के लिए अब सेमीफाइनल की राह कठिन हो गई है। अब उन्हें अफगानिस्तान बनाम बांग्लादेश मैच के परिणाम पर निर्भर रहना होगा। डैरनी सैमी राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान रोहित शर्मा के शानदार 92 रनों की पारी की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 205 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में सात विकेट पर 181 रन बनाए। भारत ने यह मैच 24 रनों से जीत लिया।

भारत ने इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया से पिछले साल हुए वनडे विश्व कप की हार का बदला चुकता कर लिया। ऑस्ट्रेलिया ने उस वक्त फाइनल में भारत को हराकर विजेता बनने का सपना तोड़ दिया था और अब भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर उसके लिए आगे की राहें बेहद मुश्किल कर दी है। भारत ने सुपर आठ चरण में अपने तीनों मैच जीते और वह छह अंकों के साथ ग्रुप एक में शीर्ष पर रही। ऑस्ट्रेलिया की टीम तीन मैचों के बाद दो हार और एक जीत के साथ दूसरे स्थान पर है। अफगानिस्तान के दो मैचों में एक जीत और एक हार के साथ दो अंक हैं और वह तीसरे स्थान पर है। अफगानिस्तान का मंगलवार सुबह बांग्लादेश से मुकाबला होना है और अगर टीम वो मैच जीतने में सफल रही तो सेमीफाइनल में जगह बना लेगी और ऑस्ट्रेलिया का सफर यहीं थम जाएगा।

206 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को पहला झटका छह रन के स्कोर पर लगा। अर्शदीप सिंह ने पहले ओवर में डेविड वॉर्नर को कुलदीप के हाथों कैच कराया। इसके बाद मोर्चा मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड ने संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 81 रनों की साझेदारी हुई। नौवें ओवर में कुलदीप ने कप्तान मार्श को अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया। वह 28 गेंदों में 37 रन बनाकर लौटे। इसके बाद ग्लेन मैक्सवेल चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे। हालांकि, वह ज्यादा देर विकेट पर नहीं टिके। उन्हें कुलदीप ने बोल्ड किया। उन्होंने 20 रन बनाए। इस मैच में मार्कस स्टोइनिस सिर्फ दो रन बना सके।

वहीं, ट्रेविस हेड 73 रन बनाने में कामयाब हुए। उन्होंने भारतीय गेंदबाजों को परेशान किया और 43 गेंदों में 76 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज ने 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। मौजूदा टूर्नामेंट में यह उनका दूसरा अर्धशतक है। इससे पहले उन्होंने स्कॉटलैंड के खिलाफ 68 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी। हेड को बुमराह ने 17वें ओवर में रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया। उन्होंने 176.74 के स्ट्राइक रेट से नौ चौके और चार छक्के लगाए। इस मुकाबले में टिम डेविड ने 15, मैथ्यू वेड ने एक, पैट कमिंस ने 11 और मिचेल स्टार्क ने चार रन बनाए। कमिंस और स्टार्क नाबाद रहे। भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट झटके। वहीं, कुलदीप यादव ने दो विकेट चटकाए। इसके अलावा बुमराह और अक्षर पटेल को एक-एक सफलता मिली।

भारत ने इस मैच में दमदार बल्लेबाजी की और ऑस्ट्रेलिया के सामने 206 रनों का लक्ष्य रखा। इस विश्व कप में यह पहली बार है जब भारत ने 200 रन का स्कोर खड़ा किया। टी20 विश्व कप में भारत का यह तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले टीम इंडिया ने 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ 20 ओवर में चार विकेट पर 218 रन बनाए थे। वहीं, मौजूदा टू्र्नामेंट में भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ 20 ओवर में पांच विकेट पर 196 रन बनाए थे। यह मैच भारत ने जीता था। इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने कुल 15 छक्के लगाए। मौजूदा टूर्नामेंट में भारत ने इस मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाए हैं। इससे पहले बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों ने 13 छक्के लगाए थे।

रोहित ने स्टार्क के ओवर से 29 रन निकाले और दमदार बल्लेबाजी जारी रखी। रोहित एक समय शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन स्टार्क ने उनकी पारी का अंत किया। रोहित ने 41 गेंदों की अपनी पारी में सात चौके और आठ छक्के जड़े। रोहित टी20 अंतरराष्ट्रीय में 200 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने। रोहित के आउट होने के बाद भले ही भारतीय पारी थोड़ी धीमी पड़ गई, लेकिन ऋषभ पंत (15), सूर्यकुमार यादव (31), शिवम दुबे (28) और हार्दिक पांड्या (27*) ने कुछ अच्छे शॉट खेल टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। वहीं, विराट कोहली एक बार फिर असफल रहे और टूर्नामेंट में दूसरी बार खाता खोले बिना आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया के लिए स्टार्क और स्टोइनिस ने दो-दो विकेट झटके। वहीं, जोश हेजलवुड को एक सफलता मिली।

भारतीय कप्तान इस मैच में जबरदस्त फॉर्म में नजर आए। उन्होंने युवराज सिंह का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। टी20 विश्व कप में युवराज ने इंग्लैंड के खिलाफ 2007 में सात छक्के लगाए थे। वहीं, रोहित ने आठ छक्के लगाकर उनका रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इसके अलावा रोहित टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के लिए गेंदों के हिसाब से सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 19 गेंदों में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना अर्धशतक पूरा किया है। वहीं, इस लिस्ट में शीर्ष पर पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी युवराज सिंह हैं। उन्होंने 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ 12 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था।

इस मैच में 37 वर्षीय बल्लेबाज ने 41 गेंदों में 92 रनों की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 224.39 के स्ट्राइक रेट से सात चौके और आठ छक्के निकले। दिलचस्प बात यह है कि रोहित शर्मा टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में छक्कों का दोहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। उनके नाम अब 203 छक्के दर्ज हो गए हैं। दूसरे नंबर पर मार्टिन गुप्टिल हैं जिन्होंने 173 छक्के लगाए। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर के नाम टी20 विश्व कप में 137 छक्के दर्ज हैं। मैक्सवेल इस लिस्ट में चौथे और निकोलस पूरन पांचवें पायदान पर हैं। दोनों ने क्रमश: 133 और 132 छक्के लगाए हैं।

डैरन सैमी राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज ने दमदार प्रदर्शन किया । उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अब उनके नाम एक टीम के खिलाफ 132 छक्के दर्ज हो गए हैं। वहीं, गेल ने इंग्लैंड के खिलाफ 130 छक्के लगाए थे। तीसरे नंबर पर भी रोहित शर्मा ही हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 88 छक्के लगाए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button