देश-दुनियाफीचर्डविविध

ऑस्ट्रेलिया ने मैच में बनाई पकड़, मुश्किल में टीम इंडिया, दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 123/4, 296 की हुई कुल बढ़त

तीसरे दिन का खेल खत्म होने पर ऑस्ट्रेलियाई टीम ने मैच में अपनी पकड़ को काफी मजबूत कर लिया है. दूसरी पारी में कंगारू टीम की बढ़त अब 296 रनों की हो गई है…

नईदिल्ली (ए)। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के तीसरे दिन का खेल खत्म होने पर ऑस्ट्रेलियाई टीम ने मैच पर अपनी पकड़ को काफी ज्यादा मजबूत कर लिया है. लंदन के केनिंग्टन ओवल मैदान पर खेले जा रहे इस मुकाबले में कंगारू टीम अपनी दूसरी पारी में 4 विकेट के नुकसान पर 123 रन बना चुकी है. ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपनी बढ़त को 296 रनों पर पहुंचा लिया है. स्टम्प्स के समय मार्नस लाबुशेन 41 और कैमरन ग्रीन 7 रन बनाकर नाबाद लौटे।

तीसरे दिन के पहले सत्र का खेल शुरू होने के साथ भारतीय टीम को छठा झटका केएस भरत के रूप में 152 के रूप में लगा. भरत को स्कॉट बोलैंड ने 5 के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजा. इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे शार्दुल ठाकुर को शुरुआती समय में काफी ज्यादा संघर्ष करना पड़ा. लेकिन रहाणे के साथ मिलकर ठाकुर ने भारतीय पारी को धीरे-धीरे आगे बढ़ाना जारी रखा. दोनों ने टीम का स्कोर जल्द ही 200 के पार पहुंचा दिया।

अजिंक्य रहाणे ने भी 18 महीने के बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी करते हुए अपना अर्धशतक भी छक्के के साथ पूरा किया. दूसरे छोर पर बल्लेबाजी कर रहे शार्दुल ने भी अपने नजरें जमाने के बाद तेजी के साथ रन बनाने का सिलसिला शुरू किया. रहाणे और शार्दुल ने पहले सत्र का खेल खत्म होने पर भारतीय टीम का स्कोर 6 विकेट के नुकसान पर 260 रनों तक पहुंचाने के साथ फॉलोआन के खतरे को पूरी तरह से टाल दिया।

दिन के दूसरे सत्र की शुरुआत होने के साथ भारतीय टीम की दूसरी पारी को सिमटने में अधिक समय नहीं लगा. अजिंक्य रहाणे 89 रन बनाकर पैट कमिंस की गेंद पर स्लिप पर अपना कैच थमा बैठे. इसके बाद 271 के स्कोर पर उमेश यादव के रूप में टीम इंडिया ने अपना 8वां विकेट गंवा दिया।

शार्दुल ठाकुर ने यहां से तेजी के साथ रन बनाते हुए अपने टेस्ट करियर का चौथा अर्धशतक पूरा किया. हालांकि वह भी 51 रन बनाकर कैमरन ग्रीन का शिकार बने. मिचेल स्टार्क ने मोहम्मद शमी को 13 के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजने के साथ भारतीय टीम की पहली पारी को 296 रनों पर समेट दिया. इसी के साथ ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहली पारी के आधार पर 173 रनों की बड़ी बढ़त भी हासिल कर ली. कंगारू टीम की तरफ से कप्तान पैट कमिंस ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए।

ऑस्ट्रेलियाई टीम की दूसरी पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम को पारी के चौथे ओवर में पहला झटका 2 के स्कोर पर डेविड वॉर्नर के रूप में लगा. मोहम्मद सिराज ने वॉर्नर को 1 के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजा. दूसरे सत्र का खेल खत्म होने पर ऑस्ट्रेलियाई टीम का स्कोर 1 विकेट के नुकसान पर 23 रन था।

तीसरे दिन के आखिरी सत्र का खेल शुरू होने के साथ भारतीय टीम को दूसरी सफलता उस्मान ख्वाजा के रूप में जल्द मिली. उमेश यादव ने ख्वाजा को 13 के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजा. यहां से मार्नश लाबुशेन ने स्टीव स्मिथ के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलियाई पारी को संभालते हुए तेजी के साथ रन बनाने का सिलसिला शुरू किया।

स्मिथ और लाबुशेन के बीच में तीसरे विकेट के लिए 62 रनों की अहम साझेदारी देखने को मिली. रवींद्र जडेजा ने स्मिथ को 34 के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजने के साथ टीम इंडिया को तीसरी सफलता दिलाई।

इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे ट्रेविस हेड ने भी तेजी के साथ रन बनाने की कोशिश की लेकिन वह भी 18 रन बनाकर जडेजा का शिकार बने. ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपना चौथा विकेट 111 के स्कोर पर गंवाया. तीसरे दिन का खेल खत्म होने पर ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट के नुकसान पर 123 रन बना लिए थे. मार्नश लाबुशेन 41 और कैमरन ग्रीन 7 रन बनाकर खेल रहे थे. ऑस्ट्रेलिया की बढ़त 296 रन हो गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button