खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

भारत सरकार ने DRDO के अध्यक्ष का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ाया, बंगाल के सीएस को तीन माह का सेवा विस्तार

डीआरडीओ अध्यक्ष के अलावा, पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव भगवती प्रसाद गोपालिका को भी सेवा विस्तार दिया गया है, गोपालिका अब तीन महीने और मुख्य सचिव बने रहेंगे…

 

नईदिल्ली (ए)। रक्षा अनुसंधान विकास संगठन (डीआरडीओ) के अध्यक्ष डॉ. समीर वी. कामत के कार्यकाल को एक साल बढ़ा दिया गया है। भारत सरकार ने सोमवार को कामत के सेवा विस्तार को मंजूरी दी है। विस्तार के बाद डॉ. कामत 31 मई 2025 तक डीआरडीओ के अध्यक्ष रहेंगे। डॉ. कामत डीआरडीओ अध्यक्ष के साथ-साथ रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव भी हैं।

डीआरडीओ अध्यक्ष के अलावा, पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव भगवती प्रसाद गोपालिका को भी सेवा विस्तार दिया गया है। गोपालिका अब तीन महीने और मुख्य सचिव बने रहेंगे। वे इस शुक्रवार को सेवानिवृत्त होने वाले थे। गोपालिका अब 31 अगस्त तक राज्य के मुख्य सचिव के रूप में बने रहेंगे। गोपालिका 1989 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। 31 दिसंबर, 2023 को एचके द्विवेदी की सेवानिवृत्ति के बाद गोपालिका बंगाल के मुख्य सचिव बने थे। इससे पहले वे गृह सचिव के रूप में कार्यरत थे।

एक दिन पहले, सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे के कार्यकाल को एक महीना बढ़ाया गया था। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने रविवार को जनरल पांडे के सेवा विस्तार को मंजूरी दी थी। विस्तार के बाद जनरल पांडे 30 जून तक सेना के अध्यक्ष रहेंगे। बता दें, पांडे 31 मई को रिटायर होने वाले थे लेकिन इससे पहले ही उन्हें सेवा विस्तार दे दिया गया।

लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे ने 30 अप्रैल, 2022 को सेना अध्यक्ष का पद संभाला था। उन्होंने जनरल एम.एम. नरवणे की जगह ली थी। सेना अध्यक्ष से पहले पांडे सेना के उप-प्रमुख थे। पांडे सेना प्रमुख बनने वाले कोर ऑफ इंजीनियर्स के पहले अधिकारी हैं। अब तक इन्फैंट्री, आर्मर्ड और आर्टिलरी अधिकारी ही अधिकतर सेना प्रमुख बने हैं।

मनोज पांडे पूर्वी सेना के कमांडर भी रहे हैं। यह कमान पूर्वोत्तर राज्यों सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश क्षेत्रों में चीन के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) की रक्षा के लिए तैनात है। इसका मुख्यालय कोलकाता में है। लेफ्टिनेंट जनरल पांडे पूर्वी कमान के प्रमुख बनने से पहले अंडमान एवं निकोबार कमान के कमांडर-इन-चीफ थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button