देश-दुनियाफीचर्ड

खतरनाक रूप अख्तियार कर लिया है चक्रवाती तूफ़ान मोचा, बंगाल में NDRF की आठ टीमें तैनात, म्यांमार-बांग्लादेश पर भी आफत

चक्रवाती तूफान मोचा धीरे-धीरे बांग्लादेश-म्यांमार की ओर बढ़ रहा है. जल्द ही ये बेहद गंभीर साइक्लोन में बदल जाएगा…

भुवनेश्वर (ए)। चक्रवाती तूफान मोचा धीरे-धीरे खतरनाक रूप अख्तियार कर रहा है. भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि आज 12 मई एक गंभीर रूप लेने के लिए तैयार है और ये बांग्लादेश-म्यांमार तट की ओर बढ़ रहा है. वहीं, म्यांमार और बांग्लादेश में भी इसको लेकर तैयारियां कर ली गई हैं. निचले इलाकों से लोगों को निकलने के आदेश जारी किए गए हैं।

मौसम विभाग ने ट्वीट करते हुए कहा, “साइक्लोन मोचा 12 मई 2023 को पोर्ट ब्लेयर के पश्चिम उत्तर से लगभग 520 किलोमीटर दूर मध्य बंगाल की खाड़ी से सटे दक्षिणपूर्व की ओर केंद्रित है.” चक्रवात मोचा रविवार को बांग्लादेश-म्यांमार की सीमा पर दस्तक दे सकता है. 175 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, एनडीआरएफ की दूसरी बटालियन के कमांडेंट गुरमिंदर सिंह ने कहा है कि 12 मई को साइक्लोन मोचा गंभीर तूफान और 14 मई को ये बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा. वहीं, भुवनेश्वर में आईएमडी के वरिष्ठ अधिकारी संजीव द्विवेदी ने भविष्यवाणी करते हुए कहा है कि 12 मई की शाम को ये मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर ये एक बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाएगा. इसकी निगरानी लगातार की जा रही है।

मौसम की स्थिति के बारे में बात की जाए तो नॉर्थईस्ट के राज्यों में इसका असर दिखेगा. त्रिपुरा और मिजोरम में शनिवार 13 मई को भारी बारिश होने की संभावना है. नागालैंड, मणिपुर और दक्षिण असम में रविवार 14 मई को बारिश होने का अनुमान लगाया गया है. पश्चिम बंगाल में साइक्लोन की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ ने 8 टीमों को तैनात किया है, जबकि 200 बचावकर्मियों को मैदान में उतारा गया है. साथ ही 100 बचावकर्मियों को स्टैंडबाई पर रखा गया है।

आईएमडी ने मछुआरों, जहाजों, नावों और ट्रॉलरों को रविवार तक मध्य और पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी, उत्तरी अंडमान सागर में नहीं जाने के लिए कहा है. साथ ही बंगाल की खाड़ी और उत्तरी अंडमान सागर में नौकायन करने वालों को तट पर लौटने की सलाह दी जाती है. इससे पहले भारतीय तटरक्षक बल ने भी मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह देते हुए चेतावनी जारी की थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button