फीचर्डविविध

टेस्ट रैंकिंग में खत्म हुई जसप्रीत बुमराह की बादशाहत, तीसरे स्थान पर खिसके, जायसवाल को फायदा

टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में बुमराह के अलावा दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को नुकसान हुआ है। वह चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं…

नईदिल्ली (ए)। भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में तगड़ा नुकसान हुआ है। उनकी बादशाहत को कगिसो रबाडा की नजर लग गई है। दक्षिण अफ्रीका के इस गेंदबाज ने टेस्ट की गेंदबाजी रैंकिंग में पहला स्थान हासिल कर लिया है। उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में नौ विकेट चटकाने का फायदा मिला है। इसके अलावा उन्होंने टेस्ट में 300 विकेट का आंकड़ा छू लिया। अब उन्हें इसका इनाम मिला है। इसके अलावा बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारतीय टीम के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को फायदा मिला है। उनकी शीर्ष तीन में वापसी हो गई है। वह एक स्थान के फायदे के साथ तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।

टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में बुमराह के अलावा दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को नुकसान हुआ है। वह चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। इसके अलावा जडेजा आठवें स्थान पर पहुंच गए। पाकिस्तान के नोमान अली आठ स्थानों के फायदे के साथ शीर्ष 10 में एंट्री करने में कामयाब हुए हैं। वह नौवें पायदान पर पहुंच गए।

विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत और विराट कोहली की बल्लेबाजी रैंकिंग में गिरावट आई है। पंत जहां पांच स्थान गिरकर 11वें स्थान पर हैं, वहीं कोहली छह स्थान फिसलकर 14वें स्थान पर हैं।

न्यूजीलैंड के डेवोन कॉन्वे (आठ पायदान ऊपर 28वें), टॉम लाथम (छह पायदान ऊपर 34वें) और ग्लेन फिलिप्स (16 पायदान ऊपर 45वें) और दक्षिण अफ्रीका के काइल वेरिन (14 पायदान ऊपर 32वें) ने इस रैंकिंग में महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की है।
भारत के रविंद्र जडेजा (नंबर एक) और अश्विन (नंबर दो) टेस्ट हरफनमौला खिलाड़ियों की रैंकिंग में शीर्ष पर अच्छी बढ़त बनाए हुए हैं। बांग्लादेश के स्टार मेहदी हसन दो स्थान के फायदे से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन किया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button