खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

01 जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा: 17 अप्रैल से होगा रजिस्ट्रेशन, गृहमंत्री अमित शाह ने सुरक्षा की समीक्षा की

अमरनाथ यात्रा के लिए 17 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन शुरू होगा. उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा है कि सरकार सुचारू तीर्थ यात्रा के लिए प्रतिबद्ध है…

नईदिल्ली (ए)। अमरनाथ यात्रा के लिए सरकार ने शेड्यूल जारी कर दिया है. इस साल एक जुलाई से यात्रा शुरू होगी और 62 दिनों तक चलेगी. अमरनाथ यात्रा के लिए 17 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन शुरू होगा. बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को ही जम्मू-कश्मीर को लेकर सुरक्षा की समीक्षा की थी।

इस बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला, जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे. इस बैठक के एक दिन बाद यात्रा की घोषणा की गई है।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार 14 अप्रैल को पवित्र तीर्थ यात्रा और रजिस्ट्रेशन की तारीखों की घोषणा करते हुए कहा कि प्रशासन सुचारू और परेशानी मुक्त तीर्थ यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है. परेशानी मुक्त तीर्थ यात्रा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन आने वाले सभी भक्तों और सेवा प्रदाताओं को अच्छी स्वास्थ्य सेवा और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान करेगा. तीर्थयात्रा शुरू होने से पहले टेलीकॉम सेवाओं को चालू कर दिया जाएगा।”

उप राज्यपाल ने कहा कि यात्रा दोनों मार्गों-अनंतनाग जिले में पहलगाम ट्रैक और गांदरबल जिले में बालटाल से शुरू होगी. उपराज्यपाल ने इसके लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं. श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) भक्तों के लिए सुबह और शाम की आरती (प्रार्थना) का सीधा प्रसारण भी करेगा।

उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा, ”यात्रा, मौसम और कई सेवाओं का ऑनलाइन लाभ उठाने के लिए श्री अमरनाथ जी यात्रा का ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध कराया गया है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button