खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे ने पीएम मोदी के पैर छू कर किया स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी FIPIC शिखर सम्मेलन में शामिल होने पापुआ न्यू गिनी पहुंचे हैं. पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारपे ने पैर छू कर पीएम मोदी का स्वागत किया…

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण के लिए आज रविवार 21 मई को पापुआ न्यू गिनी पहुंचे. पीएम मोदी FIPIC शिखर सम्मेलन में शामिल होने पापुआ न्यू गिनी पहुंचे हैं. जहां पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारपे ने उनका स्वागत किया. इस दौरान पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री ने भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पैर छूए।

पीएम मोदी का पापुआ न्यू गिनी के मोरेस्बी (जैक्सन) अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर पारंपरिक ढंग से जोरदार स्वागत किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय वहां मौजूद रहे. पीएम को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया. पीएम पापुआ न्यू गिनी में अपने समकक्ष जेम्स मारापे के साथ 22 मई को भारत-प्रशांत द्वीप सहयोग मंच (एफआईपीआईसी) के तीसरे शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेंगे।

तीन देशों के अपने दौरे के दूसरे चरण में मोदी पापुआ न्यू गिनी पहुंचे हैं. ये किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की पापुआ न्यू गिनी की पहली यात्रा है. प्रधानमंत्री जापान से यहां पहुंचे जहां उन्होंने जी-7 के शिखर सम्मेलन में भाग लिया और दुनिया के कई नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं. एफआईपीआईसी का गठन 2014 में प्रधानमंत्री मोदी की फिजी यात्रा के दौरान किया गया था।

एफआईपीआईसी शिखर सम्मेलन में 14 देशों के नेता भाग लेंगे. आम तौर पर कनेक्टिविटी और अन्य मुद्दों के कारण ये सभी शायद ही कभी एक साथ मिलते हैं. पीआईसी में कुक आइलैंड्स, फिजी, किरिबाती, मार्शल आइलैंड्स, माइक्रोनेशिया, नाउरू, नीयू, पलाऊ, पापुआ न्यू गिनी, समोआ, सोलोमन आइलैंड्स, टोंगा, तुवालु और वानुआतु शामिल हैं. पीएम मोदी, मारापे के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और पापुआ न्यू गिनी के गवर्नर जनरल बॉब डाडे से भी मुलाकात करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button