खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश को दी 2 लाख करोड़ की सौगात, विशाखापत्तनम में किया रोड शो

पीएम मोदी ने आज आंध्र प्रदेश में दो लाख करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उद्घाटन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहे। इससे पहले पीएम मोदी ने विशाखापत्तनम में रोड शो किया…

 

विशाखापत्तनम (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को आंध्र प्रदेश को दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात दी। विशाखापत्तनम में आयोजित कार्यक्रम में पीएम परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इनमें हरित हाइड्रोजन केंद्र और औषधि पार्क प्रमुखता से शामिल हैं। इससे पहले उन्होंने पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण के साथ विशाखापत्तनम में रोड शो किया। पिछले वर्ष लगातार तीसरी बार पीएम का पद संभालने के बाद यह मोदी का राज्य का पहला दौरा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, आंध्र प्रदेश का विकास हमारा विजन है। आंध्र प्रदेश के लोगों की सेवा हमारा संकल्प है। आंध्र प्रदेश को 2047 तक करीब 2.5 ट्रिलियन डॉलर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस विजन को साकार करने के लिए चंद्रबाबू नायडू की सरकार ने स्वर्ण आंध्र एट 2047 की पहल की है। इसमें केंद्र की एनडीए सरकार भी आंध्र प्रदेश के हर लक्ष्य के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। इसलिए केंद्र सरकार लाखों करोड़ की योजनाओं में आंध्र प्रदेश को विशेष प्राथमिकता दे रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि आज यहां दो लाख करोड़ से ज्यादा की लागत की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया है। ये परियोजनाएं आंध्र प्रदेश के विकास को नई ऊंचाई देंगे। मैं इन विकास परियोजनाओं के लिए आंध्र प्रदेश सहित पूरे देश को बधाई देता हूं। आंध्र प्रदेश अपने नवाचार की प्रकृति के कारण आईटी और तकनीकी का इतना बड़ा केंद्र है। अब समय है आंध्र नई और भविष्य की तकनीकियों का केंद्र बने। जो तकनीकी विकसित हो रही है, हम अभी से उसमें आगे रहें।

उन्होंने कहा कि आज ग्रीन हाइड्रोजन एक उभरता हुआ क्षेत्र है। देश ने 2023 में नेशनल ग्रीन हाइड्रोजन मिशन की शुरुआत की थी। हमारा लक्ष्य है कि 2030 तक पांच मिलिनिट मिट्रिक टन ग्रीन हाइड्रोजन का उत्पादन हो। इसके लिए शुरुआती चरण में दो ग्रीन हाइड्रोजन केंद्र स्थापित होंगे। जिनमें से एक हमारा विशाखापत्तनम है। भविष्य में विशाखापत्तनम दुनिया के उन गिने-चुने शहरों में होगा, जहां इतने बड़े पैमाने पर ग्रीन हाइड्रोजन उत्पादन की सुविधा होगी। इस ग्रीन हाइड्रोजन केंद्र से अनेक रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे, साथ ही आंध्र प्रदेश में विनिर्माण का पारिस्थितिकीतंत्र तैयार होगा।

इससे पहले जारी बयान में कहा गया था कि पीएम, मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण के साथ रेलवे जोन की नींव रखेंगे। इसके अलावा, वह अनकापल्ली जिले के पुदिमदका में एनटीपीसी के एकीकृत हरित हाइड्रोजन केंद्र की आधारशिला रखेंगे। इस परियोजना के तहत कंपनी तीन चरणों में 65,370 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इसी तरह, पीएम मोदी वर्जुअल तरीके से नक्कापल्ली में 1877 करोड़ के औषधि पार्क की आधारशिला रखेंगे। देश को दवा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से यहां ‘बल्क ड्रग पार्क’ की स्थापना की जानी है। लगभग 11,542 करोड़ रुपये के निवेश से 2,002 एकड़ भूमि पर बनने वाले इस पार्क से 54,000 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। शिलान्यास और उद्घाटन समारोह के बाद पीएम मोदी रोड शो करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इसमें 1.5 लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

विशाखापत्तनम के लोगों के बीच होने का इंतजार है…
विशाखापत्तनम के दौरे से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया में लिखा था, मैं हरित ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा, बुनियादी ढांचे और अन्य से जुड़े प्रमुख कार्यों का उद्घाटन करने के लिए विशाखापत्तनम के लोगों के बीच होने का इंतजार कर रहा हूं। यह बहुत खुशी की बात है कि एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड ग्रीन हाइड्रोजन हब परियोजना की आधारशिला रखी जाएगी। वह इसे राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन के तहत पहला ऐसा हब बनाएगी।

प्रवासी भारतीय सम्मेलन का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री बुधवार शाम को ओडिशा के लिए रवाना हो गए। पीएम वहां बृहस्पतिवार को 18वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। सम्मेलन में भाग लेने के लिए 50 से अधिक देशों से बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासियों ने पंजीकरण कराया है। एक दिवसीय यात्रा के दौरान मोदी, प्रवासी भारतीय एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। यह प्रवासियों भारतीयों के लिए एक विशेष पर्यटक ट्रेन है, जो दिल्ली के निजामुद्दीन से रवाना होगी और तीन सप्ताह की अवधि के लिए पर्यटन और धार्मिक महत्व के कई स्थलों की यात्रा करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button