खास खबरफीचर्डविविध

‘पुष्पा 2’ ने तोड़ा ऑस्कर विनिंग फिल्म आरआरआर का रिकॉर्ड, ली बंपर ओपनिंग

अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा 2 द रूल’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर एसएस राजामौली की ऑस्कर विनिंग फिल्म ‘आरआरआर’ को भारी अंतर से हराया है। साथ ही बॉक्स ऑफिस पर एक नया कीर्तिमान स्थापित करती नजर आई है…

 

मुंबई (ए)। अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा: द राइज’ के सीक्वल ‘पुष्पा 2 द रूल’ ने बीते दिन यानी 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक दी। सुकुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रश्मिका मंदाना और फहाद फासिल ने भी अपनी-अपनी भूमिकाएं दोहराई हैं। वहीं, टिकट विंडो पर इसकी ओपनिंग से साफ हो गया है कि पुष्पा, फायर क्यों है। फिल्म ने पहले ही दिन, गुरुवार को एसएस राजामौली की ऑस्कर विनिंग फिल्म ‘आरआरआर’ को पछाड़कर बॉक्स ऑफिस पर कमाई का एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है।

सुकुमार द्वारा निर्देशित ‘पुष्पा 2: द रूल’ को 12 हजार स्क्रीन पर रिलीज किया गया है। पोस्ट-प्रोडक्शन में देरी के कारण 3डी संस्करण की योजना रद्द कर दी गई। हालांकि, स्क्रीनिंग 2डी और 4डीएक्स प्रारूपों में जारी रही। तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़, मलयालम और हिंदी भाषा में रिलीज इस फिल्म का बजट तकरीबन 500 करोड़ रुपये है। वहीं, फिल्म की रिकॉर्डतोड़ कमाई से साफ हो रहा है कि ‘पुष्पा 2 द रूल’ साल के अंत में साउथ फिल्म इंडस्ट्री को बड़ा सौगात देने वाली है।

‘पुष्पा 2: द रूल’ ने स्पेशल स्क्रीनिंग में 10.1 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं, इसने भारतीय बॉक्स ऑफिस के टिकट विंडो पर 165 करोड़ रुपये की ओपनिंग ली। इस तरह इसका टोटल 175.1 करोड़ रुपये हो गया। कलेक्शन के हर एक भाग पर गौर फरमाएं तो इसने तेलुगु में 95.1 करोड़ रुपये, हिंदी में 67 करोड़ रुपये, तमिल में 7 करोड़ रुपये, कन्नड़ में 1 करोड़ रुपये और मलयालम में 5 करोड़ रुपये की कमाई की है।

‘पुष्पा 2: द रूल’ ने ‘आरआरआर’ को भारी अंतर से हराया। राम चरण जूनियर एनटीआर की फिल्म ने पहले दिन 133 करोड़ रुपये की कमाई की थी। ‘पुष्पा 2: द रूल’ की कुल मिलाकर 82.66 प्रतिशत तेलुगु ऑक्यूपेंसी थी। फिल्म के आंकड़ों में वीकएंड पर और ज्यादा उछाल आने की उम्मीद है।

सुकुमार द्वारा निर्देशित और मैत्री मूवी मेकर्स और मुत्तमसेट्टी मीडिया द्वारा निर्मित, फिल्म में अल्लू अर्जुन, रश्मिका मंदाना और फहाद फासिल पुष्पा राज, श्रीवल्ली और भंवर सिंह शेखावत के रूप में अपनी भूमिकाओं को दोहराते नजर आए हैं। फिल्म के मुख्य कलाकार अल्लू अर्जुन को पहले भाग में उनके प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button