छत्तीसगढ़फीचर्ड

पेंशनर्स को किसी प्रकार की न हो असुविधा, बैंक सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करें : कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह

रायपुर। भारतीय रिज़र्व बैंक, रायपुर द्वारा वरिष्ठ नागरिकों एवं पेंशनर्स के लिए वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला प्रशासन द्वारा संचालित प्रोजेक्ट पाई-पाई के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को बैंकिंग सुविधाओं, डिजिटल लेन-देन तथा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि जिले के पेंशनर्स को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करना सभी बैंकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स को उनका अधिकार मिलना चाहिए और उनकी समस्याओं का समाधान मानवता एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में भारतीय रिज़र्व बैंक के अधिकारियों ने जानकारी दी कि आरबीआई के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी बैंकों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए पृथक काउंटर की व्यवस्था अनिवार्य है। साथ ही डोर-स्टेप बैंकिंग सुविधा के माध्यम से ऐसे वरिष्ठ नागरिक, जो स्वयं बैंक आने में असमर्थ हैं, उन्हें घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र, ई-केवाईसी, नकद भुगतान एवं अन्य आवश्यक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

डिजिटल लेन-देन के संबंध में बताया गया कि ऑनलाइन भुगतान करते समय सुरक्षा की दृष्टि से ट्रांजैक्शन पिन प्रत्येक छह माह में बदलना आवश्यक है। कार्यक्रम में डिजिटल अरेस्ट एवं ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई तथा साइबर अपराध अथवा डिजिटल लेन-देन से जुड़े मामलों में 1930 टोल-फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

इसी क्रम में जिला प्रशासन एवं अग्रणी जिला बैंक के संयुक्त तत्वावधान में पेंशनरों की सुविधा हेतु जीवन प्रमाण (डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट) शिविर का आयोजन किया गया, जो सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में बड़ी संख्या में पेंशनरों ने सहभागिता कर डिजिटल माध्यम से अपना जीवन प्रमाण पत्र बनवाया।

शिविर में भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ राज्य के पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए इसे पेंशनरों के हित में अत्यंत उपयोगी बताया।

शिविर के दौरान संबंधित बैंकों के अधिकारियों, पेंशन विभाग के प्रतिनिधियों एवं तकनीकी कर्मियों द्वारा पेंशनरों को पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया। पेंशनरों ने सुव्यवस्थित आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन एवं बैंक प्रबंधन के प्रति आभार प्रकट किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, लीड बैंक अधिकारी मोहम्मद मोफिज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button