खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वाइब्रेंट गुजरात शिखर सम्मेलन का करेंगे उद्घाटन, 34 देश और 16 संगठन होंगे शामिल

पीएम मोदी का कहना है कि वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट आत्मनिर्भर भारत के लिए समृद्ध गुजरात की परिकल्पना के साथ नई ऊंचाइयां हासिल करता रहेगा। वहीं, गुजरात के सीएम का कहना है कि समिट हमारे प्रधानमंत्री की परिकल्पना के अनुसार विकास और सामाजिक-आर्थिक वृद्धि के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है…

गांधीनगर (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वाइब्रेंट गुजरात शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। 10 से 12 जनवरी तक सम्मेलन के 10वें संस्करण का आयोजन होगा। इस वर्ष के सम्मेलन का विषय गेटवे टू द फ्यूचर है। सम्मेलन में 34 देश और 16 संगठन शामिल होंगे। गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में कार्यक्रम का उद्घाटन 10 जनवरी, 2024 को सुबह 9.45 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और राज्यपाल आचार्य देवव्रत भी शामिल होंगे। पीएम मोदी का कहना है कि वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट आत्मनिर्भर भारत के लिए समृद्ध गुजरात की परिकल्पना के साथ नई ऊंचाइयां हासिल करता रहेगा। वहीं, गुजरात के सीएम का कहना है कि समिट हमारे प्रधानमंत्री की परिकल्पना के अनुसार विकास और सामाजिक-आर्थिक वृद्धि के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

एचएएल भी सम्मेलन में हुआ शामिल
हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने ‘आत्मनिर्भर भारत’ पर जोर देते हुए ‘वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल ट्रेड शो 2024’ के 10 वें संस्करण में भाग लिया। सरकार के स्वामित्व वाली रक्षा सामग्री निर्माता कंपनी इस आयोजन के माध्यम से अपनी क्षमता का प्रदर्शन करना चाहती है। ट्रेड शो के दौरान एचएएल के सीएमडी (अतिरिक्त प्रभार) सीबी अनंतकृष्णन ने कहा, “हमें पूरा विश्वास है कि यह उन उत्पादों को प्रदर्शित करने का एक अवसर है, जिन्हें हम स्वदेशी रूप से डिजाइन और विकसित कर रहे हैं। उन्होंने कहा, चूंकि कई देश इस आयोजन में भाग लेंगे इसलिए एचएएल यहां वैश्विक एयरोस्पेस उद्योग को दिखाएगा कि हमारी क्षमताएं क्या हैं?

इससे पहले मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी ने तिमोर-लेस्ते के राष्ट्रपति डॉ. जोस रामोस होर्टा और मोजाम्बिक गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम फिलिप जैसिंटो न्यूसी से मुलाकात की। उन्होंने दोनों राष्ट्रपतियों से विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। साथ ही रक्षा, स्वास्थ्य सहित कई क्षेत्रों में मदद देने का भरोसा दिया। इसके अलावा पीएम मोदी ने दुनियाभर से आए शीर्ष उद्योगपतियों और सीईओ से मिलकर भारत में निवेश बढ़ाने की योजनाओं पर भी चर्चा की।

पीएम मोदी ने डीपी वर्ल्ड के ग्रुप चेयरमैन और सीईओ सुल्तान अहमद बिन सुलेयम, माइक्रोन टेक्नोलॉजी के अध्यक्ष और सीईओ संजय मेहरोत्रा, डीकिन यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर इयान मार्टिन, एपी मोलर-मार्सक के सीईओ कीथ स्वेंडसन और सुजुकी मोटर कॉर्प के प्रतिनिधि निदेशक और अध्यक्ष तोशीहिरो सुजुकी से मुलाकात की। मोदी ने सुल्तान अहमद बिन सुलेयम से भारत में निवेश को आगे बढ़ाने के लिए डीपी वर्ल्ड की योजनाओं पर चर्चा की, विशेष रूप से हरित और ऊर्जा-कुशल बंदरगाहों पर।

पीएम-नाहयान की द्विपक्षीय वार्ता, चार समझौते
पीएम मोदी और यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के बीच मंगलवार को द्विपक्षीय बैठक हुई। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने बताया कि दोनों देशों के बीच चार समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। एक समझौता गुजरात सरकार और दुबई की बहुराष्ट्रीय लॉजिस्टिक कंपनी डीपी वर्ल्ड के बीच हुआ। बाकी के तीन समझौते नवीकरण ऊर्जा क्षेत्र, नवीन स्वास्थ्य देखभाल परियोजनाओं और फूड पार्क विकास में निवेश सहयोग को लेकर हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button