फीचर्डविविध

बांग्लादेश का टी20 विश्वकप से बाहर होना तय, इस टीम को मिल सकती है डायरेक्ट एंट्री?

बांग्लादेश क्रिकेट टीम का आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होना अब करीब करीब तय माना जा रहा है। बीसीबी का अडियल रुख अभी बरकरार है। आईसीसी ने 21 जनवरी तक वक्त दिया है, इसके बाद नई टीम का ऐलान कर दिया जाएगा…

 

 

नईदिल्ली (ए)। बांग्लादेश ​​क्रिकेट बोर्ड और टीम को बहुत बड़ा झटका लगने वाला है। टीम अगले महीने होने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने की कगार पर पहुंच गई है। आईसीसी की ओर से दी गई डेडलाइन अब खत्म होने वाली है और जल्द ही नई टीम का भी ऐलान कर दिया जाएगा। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की ओर से लगातार नाटक किया जा रहा है, लेकिन आईसीसी अब ऐसा लगता है कि कुछ भी सुनने को तैयार नहीं है। आने वाले कुछ घंटे इस पूरे घटनाक्रम का पटाक्षेप कर सकते हैं।

आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को 21 जनवरी तक का वक्त दिया है कि वे इस दिन तक तय करके बताएं कि उन्हें क्या करना है। इस बीच बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आरिफ नजरूल ने फिर से साफ कर दिया है कि उनकी टीम किसी भी हालत में टी20 विश्व कप के मैच खेलने के लिए भारत नहीं जाएगी। इस बीच ये भी करीब करीब तय है कि अगर बांग्लादेश की टीम इस आईसीसी टूर्नामेंट से बाहर होती है तो फिर उनकी जगह स्कॉटलैंड की डायरेक्ट एंट्री हो जाएगी। आईसीसी रैंकिंग के हिसाब से स्कॉटलैंड ही बांग्लादेश की जगह लेने के लिए तैयार दिखता है।

इस बीच ताजा खबर ये है​ कि आरिफ नजरूल ने मंगलवार को यानी डेडलाइन से ठीक एक दिन पहले कहा है कि वे किसी भी सूरत में आईसीसी की शर्तें को स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने ये भी कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि बांग्लादेश की गैरहाजिरी में ​स्कॉटलैंड की टीम विश्व कप खेलने पहुंच जाएगी। नजरूल ने कहा कि इससे पहले भी ऐसा हुआ है। उन्होंने याद दिलाया कि पाकिस्तान ने भी इससे पहले कहा था कि वे भारत जाकर नहीं खेलेंगे, तब आईसीसी ने वेन्यू में बदलाव किया था। हालांकि नजरूल ये भूल गए कि ये बदलाव नहीं था। शेड्यूल जारी किए जाने से पहले ही ये बात फाइनल हो चुकी थी कि पाकिस्तानी टीम भारत में अपने मैच नहीं खेलेगी, इसलिए उसे श्रीलंका में खेलने को मिलेगा।

दरअसल केकेआर ने जैसे ही अपनी आईपीएल टीम से बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टूर्नामेंट से बाहर किया है, पूरा बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और वहां की सरकार बौखलाई हुई है। इसके बाद बांग्लादेश ने सुरक्षा का हवाला देते हुए भारत आकर खेलने से मना कर दिया। इसके बाद आईसीसी और बीसीबी के बीच कई दौर की वार्ता हो चुकी है। लेकिन बांग्लादेश है कि मानने के लिए तैयार ही नहीं है। बांग्लादेश को आईसीसी ने वर्ल्ड कप के ग्रुप सी में रखा हुआ है, इसमें उसके अलावा वेस्टइंडीज, इटली और नेपाल की टीमें हैं। अब हो सकता है कि जल्द ही बांग्लादेश की जगह इसमें स्कॉटलैंड की टीम नजर आए।

अब फाइनल फैसला आने में कुछ ही घंटे का वक्त है। इस दौरान दो ही काम हो सकते हैं। पहला तो ये कि किसी तरह से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड मान जाए और कुछ शर्तों के साथ भारत में खेलने को तैयार हो जाए। दूसरा अगर बीसीबी नहीं माना तो आईसीसी उसे वर्ल्ड कप से बाहर कर देगा और स्कॉटलैंड की एंट्री की आधिकारिक घो​षणा कर दी जाएगी। फिलहाल ये तो पक्का है कि आईसीसी ना तो बांग्लादेश का ग्रुप बदलेगा और ना ही किसी दूसरे देश में जाकर मैच खेलने की अनुमति देगा। देखना होगा कि आखिर होता क्या है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button