छत्तीसगढ़फीचर्ड

मुख्यमंत्री ने आचार्य विनोबा भावे और कवियित्री महादेवी वर्मा की जयंती पर किया नमन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भूदान आंदोलन के प्रणेता, समाज सुधारक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भारत रत्न आचार्य विनोबा भावे की 11 सितंबर को जयंती पर उन्हें नमन किया है। श्री साय ने कहा कि विनोबा जी ने अपना जीवन गरीबों और दलितों की सेवा हेतु समर्पित कर दिया तथा उनके अधिकारों के लिये खड़े हुए।

उन्होंने समाज में व्याप्त असमानता जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने की दिशा में अथक प्रयास किया। साथ ही आचार्य भावे ने देश में आजादी की अलख जगाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। श्री साय ने कहा कि आचार्य विनोबा भावे का सामाजिक सुधार और दीन दुखियों के उत्थान के प्रति उनका अटूट समर्पण हमें आज भी प्रेरित करता है।

मुख्यमंत्री ने कवियित्री महादेवी वर्मा की जयंती पर उन्हें किया नमन: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हिंदी साहित्य की महिषी कवियित्री महादेवी वर्मा की 11 सितंबर को पुण्यतिथि पर उन्हें नमन कर अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किये हैं। हिंदी साहित्य में महादेवी वर्मा के अमूल्य योगदान को याद करते हुए श्री साय ने कहा है कि महादेवी जी विलक्षण प्रतिभा की धनी कवियित्री थी।

उन्हें आधुनिक युग की ‘मीरा’ भी कहा जाता है। वह उन विरले साहित्यकारों में से एक हैं, जिन्होंने हिन्दी भाषा और शिल्प में नवाचार की बुनियाद रखी।

महादेवी जी की रचनाओं ने हर दिल को छुआ। चाहे गद्य हो या पद्य उन्होंने अपनी हर रचना में जीवन मूल्यों को ऊपर उठाते हुए समाज की सोच को विकसित करने का प्रयास किया। उन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से भारतीय समाज को नई दृष्टि देने की कोशिश की। उनके गीत और उनकी कविताएं आज भी प्रासंगिक हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button