खास खबरफीचर्डविविध

मैनचेस्टर टेस्ट में भारत की सधी हुई शुरुआत: यशस्वी-साईं ने लगाया अर्धशतक, पंत रिटायर्ड हर्ट

भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला बुधवार से मैनचेस्टर में खेला जा रहा है। इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर मेहमानों को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। शुरुआती दिन पहली पारी में भारत ने चार विकेट खोकर 264 रन बनाए हैं…

 

नईदिल्ली (ए)। भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला बुधवार से मैनचेस्टर में खेला जा रहा है। इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर मेहमानों को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। शुरुआती दिन पहली पारी में भारत ने चार विकेट खोकर 264 रन बनाए हैं। स्टंप्स के समय रवींद्र जडेजा 19  और शार्दुल ठाकुर 19 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने भारत को पहली पारी में अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले सत्र में इंग्लैंड के गेंदबाजों पर नियंत्रण बनाए रखा, लेकिन दूसरे सत्र में इंग्लैंड ने वापसी की और भारत को पहला झटका दिया। क्रिस वोक्स ने केएल राहुल को जैक क्राउली के हाथों कैच कराया। वह 98 गेंदों में चार चौके की मदद से 46 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद आठ साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी करने वाले लियाम डॉसन ने यशस्वी जायसवाल को हैरी ब्रूक के हाथों कैच कराकर पवेलियन की राह दिखाई। वह 107 गेंदों में 58 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान उन्होंने अपने टेस्ट करियर का 12वां पचासा 96 गेंदों में पूरा किया।

दूसरे सत्र में भारत ने तीन विकेट गंवाए। केएल और यशस्वी के अलावा चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए कप्तान शुभमन गिल भी आउट हो गए। उन्हें बेन स्टोक्स ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह सिर्फ 12 रन बना पाए। तीसरे सत्र में ऋषभ पंत और साई सुदर्शन ने मोर्चा संभाला। दोनों ने 72 रन जोड़े, लेकिन पंत चोटिल होकर मैदान से बाहर हो गए।

मैनचेस्टर टेस्ट के शुरुआती दिन पंत गंभीर रूप से चोटिल हो गए। उनके दाहिने पैर में चोट लगी, जिसकी वजह से काफी सूजन है। पंत के पैर से खून भी निकलता दिखा। मैदान से बाहर जाने के लिए उन्हें एंबुलेंस का इस्तेमाल करना पड़ा। वह खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। उल्लेखनीय है कि पंत को पिछले टेस्ट मैच में भी चोट लगी थी। उनकी अंगुली में चोट लगी थी, जिसके बाद उनकी जगह ध्रुव जुरेल को विकेटकीपिंग करते देखा गया था। अब उनके पैर में भी चोट लग गई है। पंत को रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर जाना पड़ा। उन्होंने 48 गेंदों में 37 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से दो चौके और एक छक्का निकला।

पहले दिन जायसवाल के अलावा साई सुदर्शन ने अर्धशतक जड़ा। यह उनके टेस्ट करियर का पहला पचासा है। उन्हें भी स्टोक्स ने ही अपना शिकार बनाया। वह ब्रायडन कार्स के हाथों कैच आउट हुए। सुदर्शन ने इस दौरान 151 गेंदों में सात चौकों की मदद से 61 रन बनाए। फिलहाल क्रीज पर रवींद्र जडेजा 37 गेंदों में 19 और शार्दुल ठाकुर 36 गेंदों में 19 रन बनाकर मौजूद हैं। खराब रोशनी के कारण पहले दिन का खेल जल्दी समाप्त हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button