खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

मोदी कैबिनेट की बैठक में BSNL को पैकेज, मेट्रो विस्तार और MSP बढ़ाने पर लगी मुहर, ट्रेन हादसे में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना

पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बुधवार 7 जून को हुई कैबिनेट बैठक में ओडिशा रेल हादसे और मणिपुर हिंसा में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की गई…

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बुधवार 7 जून को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक हुई. इसमें किसान, बीएसएनएल (BSNL) और गुरुग्राम सिटी सेंटर मेट्रो से संबंधित फैसले लिए गए. मीटिंग के बाद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि 2023-24 के लिए धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को 143 रुपये बढ़ाकर 2,183 रुपये प्रति क्विंटल करने की मंजूरी दी गई. वहीं मूंग का न्यूनतम समर्थन मूल्य सबसे अधिक बढ़ाकर 8,558 रुपये प्रति क्विंटल किया गया।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मूंग दाल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सबसे ज्यादा 10.4 फीसदी, मूंगफली पर 9%, सेसमम पर 10.3%, धान पर 7%, जवार, बाजरा, रागी, मेज, अरहर दाल, उड़द दाल, सोयाबीन और सूरजमुखी बीज पर वित्त वर्ष 2023-2024 के लिए लगभग 6 से 7 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मीटिंग के बाद कहा कि मोदी कैबिनेट ने बीएसएनएल के लिए तीसरे रिवाइवल पैकेज को मंजूरी दी है. इसके अलावा बीएसएनएल को 4G/5G स्पेक्ट्रम आवंटित करने का भी फैसला किया गया है, इसके लिए 89047 करोड़ रुपये का पैकेज तय किया गया है।

पीयूष गोयल ने कहा कि हुडा सिटी सेंटर से साइबर सिटी गुरुग्राम के साथ द्वारका एक्सप्रेस वे साइड लाइन को जोड़ने वाली मेट्रो सम्पर्क के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई. इस पर 5,452 करोड़ रूपये की लागत आयेगी. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई आर्थिक मामलों संबंधी मंत्रिमंडल समिति (सीसीईए) की बैठक में शहरी विकास एवं आवास मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गयी।

पीयूष गोयल ने कहा कि इसके तहत मेट्रो का 28.5 किलोमीटर का विस्तार होगा और इसमें 27 स्टेशन होंगे. मंजूरी के बाद से इस परियोजना को पूरा होने में चार साल लगेंगे. इससे हरियाणा खासकर गुरुग्राम और दिल्ली के लोगों को फायदा होगा. गुरुग्राम के सूचना प्रौद्योगिकी, नवाचार का केंद्र होने के नाते मेट्रो का विस्तार होने से रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।

पीयूष गोयल ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हुई कैबिनट मीटिंग में बालासोर रेल एक्सीडेंट और मणिपुर हिंसा में जान गंवाने वाले परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की और घायलों की जल्द ही ठीक होने की कामना की. दरअसल ओडिशा के बालासोर जिले के बाहानगा बाजार स्टेशन के पास शुक्रवार (2 जून) की शाम करीब सात बजे तीन ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गईं. इसमें हावड़ा-चेन्नई कोरोमंडल एक्सप्रेस, बेंगलुरु-हावड़ा एक्सप्रेस और स्टेशन पर खड़ी हुई माल गाड़ी थी. इस एक्सीडेंट में 288 लोगों की मौत हुई है।

वहीं न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक मणिपुर में अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की मेइती समुदाय की मांग के विरोध में तीन मई को पर्वतीय जिलों में ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ के आयोजन के बाद हिंसक झड़पें शुरू हो गई थीं. अब तक हिंसा में करीब 100 लोगों की मौत हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button