खास खबरफीचर्डविविध

रोहित शर्मा ने चकनाचूर किया क्रिस गेल का सबसे बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड, आईसीसी वनडे टूर्नामेंट के बने सरताज

रोहित शर्मा ने वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अब वे आईसीसी वनडे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं…

 

नईदिल्ली (ए)। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने एक और बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दुबई में खेले जा रहे इस मुकाबले में हिटमैन रोहित शर्मा ने जैसे ही एक सिक्स लगाया, वे क्रिस गेल से आगे निकल गए। ये कीर्तिमान रोहित शर्मा ने उस वक्त बनाया, जब टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया की ओर से दिए गए 265 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के लिए मैदान में उतरी।

आईसीसी वनडे इवेंट में अब रोहित शर्मा सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। अभी तक इस कुर्सी पर वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल का कब्जा था, लेकिन रोहित उनसे आगे निकल गए हैं। जब आईसीसी वनडे इवेंट की बात होती है तो उसमें वनडे वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी को शामिल किया जाता है, क्योंकि दोनों ही टूर्नामेंट 50 ओवर के होते हैं। रोहित शर्मा ने अब आईसीसी वनडे इवेंट में 65 सिक्स पूरे कर लिए हैं। वहीं क्रिस गेल 64 सिक्स के साथ दूसरे नंबर पर कब्जा बनाए हुए हैं।

चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 264 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम बिना 50 ओवर खेले ही आउट हो गई। इसके बाद जब टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज क्रीज पर आए तो रोहित शर्मा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने पहले ओवर की दूसरी ही बॉल पर जहां एक ओर चौका लगाया, वहीं दूसरे ओवर की दूसरी बॉल पर नाथन ऐलिस के ओवर में दनदनाता हुआ सिक्स जड़ दिया। इसी के साथ उन्होंने क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

इससे पहले जब ऑस्ट्रेलियाई टीम बल्लेबाजी कर रही थी, तब कप्तान स्टीव स्मिथ और ऐलेक्स कैरी को छोड़कर बाकी कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया। स्टीव स्मिथ ने 96 बॉल पर जहां एक ओर 73 रनों की पारी खेली, वहीं ऐलेक्स कैरी ने भी 57 बॉल पर बेशकीमती 61 रन अपनी टीम के लिए जोड़े। बाकी कोई भी बल्लेबाज 50 का स्कोर पार नहीं कर पाया। इसकी वजह भारतीय गेंदबाज रहे, जिन्होंने अच्छी गेंदबाजी की। मोहम्मद शमी ने जहां एक ओर 10 ओवर में 48 रन देकर तीन विकेट चटकाए, वहीं वरुण चक्रवर्ती और रवींद्र जडेजा ने दो दा विकेट अपने नाम किए। हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल को एक एक विकेट मिला। कुलदीप यादव अकेले ऐसे गेंदबाज रहे, जिन्हें कोई विकेट नहीं मिला।

रोहित शर्मा अब चार आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने वाले पहले कप्तान बन गए हैं। ये बात और है कि अभी तक वे इसमें से केवल एक ही फाइनल जीत पाए हैं, लेकिन दूसरी ट्रॉफी भी करीब ही नजर आ रही है। साल 2023 में टीम इंडिया रोहित शर्मा की कप्तानी में ही आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंची थी। हालांकि वहां उसे ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। साल 2023 में ही रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने आईसीसी वनडे वर्ल्ड का फाइनल खेला। इस बार भी भारत को हार मिली। ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को हराकर इस खिताब पर कब्जा कर लिया था।

इसके बाद आता है साल 2024 इस बार रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में एंट्री की। लेकिन इस बार ना तो सामने ऑस्ट्रेलिया थी और ना ही टीम इंडिया ने कोई गलती की। फाइनल में भारत का सामना साउथ अफ्रीका से हुआ और वहां भारतीय टीम ने विरोधी टीम को पीटकर टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम करने का काम किया। भारतीय टीम को पिछले कई साल से आईसीसी ​ट्रॉफी का इंतजार था। टीम इसके करीब पहुंचकर चूक जा रही थी, लेकिन रोहित ने इस सूखे को खत्म किया और खिताब लेकर ही भारत वापस आए।

इसके बाद अब साल 2025 में रोहित शर्मा की कप्तानी में ही टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। टीम इंडिया इसकी विजेता बनेगी कि नहीं, ये तो 9 मार्च को पता चलेगा, लेकिन फाइनल में पहुंचते ही रोहित शर्मा ने वो काम कर दिखाया है, जो भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया का कोई कप्तान नहीं कर पाया है। अब अगर रोहित शर्मा खिताब भी जीतते हैं तो सोने पे सुहागा होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button