खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

भारत ने अमेरिका को 7 विकेट से हराकर सुपर 8 के लिए क्वालीफाई किया

भारत की इस टूर्नामेंट में यह लगातार तीसरी जीत है। भारत ने इस तरह न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी इंटरनेशनल स्टेडियम पर अब तक का सबसे सफल लक्ष्य प्राप्त किया। भारत के लिए सूर्यकुमार यादव 49 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 50 रन और शिवम दुबे 35 गेंदों पर एक चौका और एक छक्का की मदद से 31 रन बनाकर नाबाद रहे…

 

नईदिल्ली (ए)। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे की बेहतरीन साझेदारी के दम पर भारत ने अमेरिका को सात विकेट से हराकर सुपर आठ चरण के लिए क्वालिफाई किया। अमेरिका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 110 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन सूर्यकुमार और शिवम ने टीम को संभाला जिसके दम पर भारत ने 18.2 ओवर में तीन विकेट पर 111 रन बनाकर जीत दर्ज की।

भारत की इस टूर्नामेंट में यह लगातार तीसरी जीत है। भारत ने इस तरह न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी इंटरनेशनल स्टेडियम पर अब तक का सबसे सफल लक्ष्य प्राप्त किया। भारत के लिए सूर्यकुमार यादव 49 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 50 रन और शिवम दुबे 35 गेंदों पर एक चौका और एक छक्का की मदद से 31 रन बनाकर नाबाद रहे। अमेरिका की ओर से सौरभ नेत्रवलकर ने दो विकेट झटके।

इस मैच से पहले भारत और अमेरिका ही ऐसी टीम थी जो ग्रुप-ए में अजेय चल रही थी। भारत का नेट रन रेट अपने ग्रुप में बेहतर था इसलिए उसका अगले दौर में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा था। अगर अमेरिका की टीम भारत को हराकर उलटफेर कर देती तो पाकिस्तान का सफर ग्रुप चरण में ही थम जाता। हालांकि भारत की जीत से पाकिस्तान ने राहत की सांस ली है। ग्रुप- में भारत फिलहाल तीन मैचों में तीन जीत के साथ छह अंक लेकर शीर्ष पर बना हुआ है, जबकि हार के बावजूद अमेरिका की टीम तीन मैचों में दो जीत और एक हार के साथ चार अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। पाकिस्तान की टीम तीन मैचों में एक जीत और दो हार के साथ दो अंक लेकर तीसरे नंबर पर है।
सौरभ नेत्रवलकर ने किया प्रभावित
अमेरिका के तेज गेंदबाज सौरभ नेत्रवलकर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पहले ही ओवर में विराट कोहली को आउट कर भारत को पहला झटका दिया। कोहली अमेरिका के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए अपनी पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना आउट हुए। यह पहली बार है जब कोहली टी20 विश्व कप के किसी मैच में शून्य पर आउट हुए हैं। कोहली का बल्ला टी20 विश्व कप में बिलकुल भी नहीं चल पा रहा है। ग्रुप चरण के पहले तीन मैच में कोहली का बल्ला फ्लॉप रहा है और उन्होंने तीन मैचों में कुल पांच रन ही बनाए हैं। कोहली ने आयरलैंड के खिलाफ पांच गेंदों पर एक रन और पाकिस्तान के खिलाफ तीन गेंदों पर चार रन बनाए थे। सौरभ ने कोहली के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को भी पवेलियन भेजा जो छह गेंदों पर तीन रन बनाकर आउट हुए।
भारत का टी20 विश्व कप में पावरप्ले का छठा न्यूनतम स्कोर
भारतीय बल्लेबाज शुरुआती झटकों के बाद दबाव में आ गए और पावरप्ले में ज्यादा रन नहीं बना सके। भारत ने अमेरिका के खिलाफ पावरप्ले में दो विकेट पर 33 रन बनाए जो उसका टी20 विश्व कप में पावरप्ले में छठा न्यूनतम स्कोर है। भारत का इस वैश्विक टूर्नामेंट में पावरप्ले में सबसे न्यूनतम स्कोर न्यूजीलैंड के खिलाफ चार विकेट पर 29 रन है जो उसने नागपुर में बनाया था।
सूर्यकुमार और शिवम की शानदार साझेदारी
शुरुआती झटकों के बाद सूर्यकुमार यादव ने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के साथ मोर्चा संभाला। सूर्यकुमार ने पंत के साथ तीसरे विकेट के लिए 29 रनों की साझेदारी की। अच्छी लय में दिख रहे पंत को अली खान ने बोल्ड किया जो 20 गेंदों पर एक चौके और एक छक्का लगाकर 18 रन बनाकर आउट हुए। जब पंत आउट हुए तब भारत का स्कोर 39 रन पर तीन विकेट था। उस वक्त ऐसा लगा कहीं अमेरिका फिर उलटफेर ना कर दे, लेकिन सूर्यकुमार ने शिवम के साथ मिलकर दमदार प्रदर्शन किया और टीम को मुसीबत से निकाला। सूर्यकुमार और शिवम के बीच चौथे विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी की जिसके दम पर भारतीय टीम यह मुकाबला जीतने में सफल रही।
सूर्यकुमार ने जड़ा अर्धशतक
सूर्यकुमार यादव ने इस मैच में जिम्मेदारी से खेलते हुए टीम की जीत में अहम योगदान दिया। सूर्यकुमार ने ना सिर्फ शिवम दुबे के साथ मिलकर पारी को संभाला बल्कि अंत तक टिककर टीम को जीत भी दिलाई। सूर्यकुमार ने 19वें ओवर की पहली गेंद पर एक रन लेने के साथ ही अपना अर्धशतक पूरा किया। सूर्यकुमार ने 49 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा जो टी20 विश्व कप का पांचवां सबसे धीमा पचासा है। इस वैश्विक टूर्नामेंट में सूर्यकुमार के अलावा डेवोन स्मिथ और डेविड हसी ने भी 49 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा है। टी20 विश्व कप में सबसे धीमा पचासा जड़ने का रिकॉर्ड मोहम्मद रिजवान के नाम है जिन्होंने इस साल न्यूयॉर्क में कनाडा के खिलाफ 52 गेंदों पर ऐसा किया था।
अमेरिका पर लगी पांच रन की पेनाल्टी
अमेरिका पर भारत की पारी के दौरान पांच रन की पेनाल्टी लगी। दरअसल, मैच में तीसरी बार हुआ जब अमेरिका की टीम समय से ओवर की शुरुआत नहीं कर सकी। नियम के अनुसार, किसी भी टीम के 60 सेकेंड के अंदर ओवर की शुरुआत करनी होती है, लेकिन भारत के खिलाफ तीन बार ऐसा हुआ जब अमेरिका की टीम समय से नए ओवर की शुरुआत नहीं कर सकी जिस वजह से उस पर पांच रनों की पेनाल्टी लगाई गई।
अर्शदीप ने अमेरिका को दिए शुरुआती झटके
इससे पहले, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर अमेरिका को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया, लेकिन तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने शुरुआती ओवर में अमेरिका को दो झटके देकर कप्तान का फैसला सही साबित करने में ज्यादा देर नहीं लगाई।  टीम इंडिया जब पहले गेंदबाजी करने उतरी तो पहला ओवर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को थमाया गया। उन्होंने मैच की पहली गेंद पर विकेट लिया। मैच की पहली ही गेंद पर अर्शदीप ने शयन जहांगीर को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। जहांगीर खाता भी नहीं खोल सके। इसी ओवर में अर्शदीप ने एक और विकेट लिया। उन्होंने ओवर की आखिरी गेंद पर आंद्रीज गौस (2) को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराया। ये दो विकेट लेते ही अर्शदीप ने रिकॉर्ड बनाया। वह टी20 विश्व कप में मैच की पहली गेंद पर विकेट लेने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी और ओवरऑल चौथे खिलाड़ी बन गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button