खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

वानखेड़े में सचिन और मेसी की हुई मुलाकात, मास्टर ब्लास्टर ने बताया सुनहरा पल

मेसी के बारे में बात करते हुए तेंदुलकर ने कहा, जहां तक मेसी की बात है तो अगर मुझे उनके खेल के बारे में बात करनी है तो यह सही मंच नहीं होगा। आप जानते हैं, उनके बारे में कोई क्या बात करे? उन्होंने सब कुछ हासिल कर लिया है। हम सच में उनकी लगन, दृढ़ संकल्प, प्रतिबद्धता की तारीफ करते हैं…

 

मुंबई (ए)। अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनल मेसी के भारत दौरे का आज दूसरा दिन है। मेसी कोलकाता और हैदराबाद के बाद अपने अगले पड़ाव के लिए रविवार को मुंबई पहुंचे। मेसी ने यहां कई कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मेसी इस दौरान वानखेड़े स्टेडियम भी पहुंचे जहां भारी संख्या में दर्शक उन्हें देखने के लिए आए थे। वानखेड़े में भारत के दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भारतीय फुटबॉल टीम के महान खिलाड़ी सुनील छेत्री भी मौजूद रहे।

वानखेड़े स्टेडियम पहुंचने पर मेसी का भव्य स्वागत किया गया है। मेसी के पहुंचते ही दर्शकों ने ‘मेसी… मेसी’ के नारे लगाए। मेसी ने वानखेड़े स्टेडियम में दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। मेसी ने दर्शकदीर्घा में फुटबॉल गेंद किक की। दर्शक मेसी को सामने देखकर खुशी से झूम उठे। मेसी ने इस दौरान बच्चियों के साथ फुटबॉल भी खेला। इस दौरान उनके साथ लुइस सुआरेज और रौड्रिगो डि पॉल भी मौजूद रहे।

मेसी ने चार शहरों के अपने जीओएटी भारत दौरे के तीसरे पड़ाव पर वानखेड़े में एक घंटा बिताया। उन्होंने युवा फुटबॉल खिलाड़ियों, महान क्रिकेटर तेंदुलकर, भारतीय फुटबॉल के दिग्गज सुनील छेत्री और मनोरंजन जगत की हस्तियों से बातचीत की। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मौके पर ‘प्रोजेक्ट महादेवा’ की भी घोषणा की, जिसका उद्देश्य राज्य भर में युवा फुटबॉल खिलाड़ियों की पहचान करना और उन्हें विकसित करना है।

प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम में मेसी और क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर की एक साथ मेजबानी कर भारतीय खेल इतिहास में एक और गौरवशाली अध्याय जोड़ दिया। सचिन ने भी गर्मजोशी से मेसी का स्वागत किया। उन्होंने मेसी के मुंबई दौरे को शहर और देश के लिए एक सुनहरा पल बताया। तेंदुलकर ने इसी मैदान पर 2011 क्रिकेट विश्व कप की जीत की तुलना मेसी के दौरे से की जो अपने इंटर मियामी टीम के साथी लुइस सुआरेज और रौड्रिगो डि पॉल के साथ पहुंचे। तेंदुलकर ने मेसी को अपने हस्ताक्षर की हुई 10 नंबर की जर्सी भेंट की। अर्जेंटीना के विश्व कप विजेता कप्तान मेसी ने बदले में एक फुटबॉल भेंट की।

सचिन ने कहा, मैंने यहां कुछ अविश्वसनीय पल बिताए हैं। जैसा कि हम कहते हैं, मुंबई सपनों का शहर है। और इस जगह पर कई सपने पूरे हुए हैं। और आपके समर्थन के बिना, हम 2011 में इस मैदान पर उन सुनहरे पलों को कभी नहीं देख पाते। आज, इन तीन महान हस्तियों का यहां होना वाकई मुंबई, मुंबईवासियों और भारत के लिए एक सुनहरा पल है। जिस तरह से आपने खेल के इन तीनों महान खिलाड़ियों का स्वागत किया है, वह सच में कमाल का है।

मेसी के बारे में बात करते हुए तेंदुलकर ने कहा, जहां तक मेसी की बात है तो अगर मुझे उनके खेल के बारे में बात करनी है तो यह सही मंच नहीं होगा। आप जानते हैं, उनके बारे में कोई क्या बात करे? उन्होंने सब कुछ हासिल कर लिया है। हम सच में उनकी लगन, दृढ़ संकल्प, प्रतिबद्धता की तारीफ करते हैं। सबसे बढ़कर उनकी विनम्रता की, वह जिस तरह के इंसान हैं। और मुंबईवासियों और भारतीयों की ओर से, मैं उन्हें और उनके परिवार को अच्छे स्वास्थ्य और आप सभी को खुशी की शुभकामनाएं देना चाहता हूं। यहां आने और युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए एक बार फिर धन्यवाद।

मेसी ने वानखेड़े स्टेडियम पर कार्यक्रम के दौरान भारतीय टीम के दिग्गज फुटबॉल सुनील छेत्री को अपनी जर्सी भेंट की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button