खास खबरफीचर्डविविध

साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे टीम का ऐलान: केएल राहुल बने कप्तान, ऋतुराज गायकवाड़ और ऋषभ पंत की वनडे में वापसी

साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया के स्क्वॉड का ऐलान हो चुका है। इस सीरीज में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत और ऋतुराज गायकवाड़ की लंबे वक्त के बात वनडे क्रिकेट में वापसी हुई है…

 

गुवाहाटी (ए)। इस वक्त भारत और साउथ अफ्रीका के बीच गुवाहाटी में दूसरा टेस्ट मुकाबला खेला जा रहा है। इसके बाद दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज खेली जानी है। इस सीरीज के लिए टीम इंडिया के स्क्वॉड का ऐलान हो चुका है। इस दौरान केएल राहुल को कप्तान बनाया है। वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत और ऋतुराज गायकवाड़ की लंबे वक्त के बाद वनडे टीम में वापसी हुई है।

चयनकर्ताओं ने राहुल पर विश्वास जताते हुए उन्हें पूरी वनडे सीरीज की कप्तानी सौंपी है। वहीं टीम के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल सीरीज से बाहर हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 मैच के दौरान उनकी गर्दन में आई ऐंठन की समस्या बढ़ने के चलते मेडिकल टीम ने उन्हें आराम देने की सलाह दी, जिसके बाद वे वनडे स्क्वॉड में शामिल नहीं हो पाए।

केएल राहुल लंबे समय बाद भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए दिखेंगे। विकेटकीपर-बल्लेबाज राहुल हाल ही में अच्छी फॉर्म में रहे हैं और टीम मैनेजमेंट उन्हें एक जिम्मेदार नेता के रूप में देख रहा है। उनके साथ रोहित शर्मा और विराट कोहली की भी वनडे टीम में वापसी हुई है। दोनों दिग्गज खिलाड़ियों ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में हिस्सा लिया था और अब भारतीय सरजमीं पर भी टीम को मजबूती देंगे। रोहित और विराट की मौजूदगी से भारत की बल्लेबाजी यूनिट और भी मजबूत दिखाई दे रही है।

टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की भी वनडे टीम में वापसी हुई है। पंत ने अपनी फिटनेस और प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है। लंबे समय तक चोट से जूझने के बाद उन्होंने घरेलू सीरीज और प्रैक्टिस मैचों में बेहतरीन फॉर्म दिखाई, जिसके बाद उन्हें वनडे टीम में मौका दिया गया है। पंत की मौजूदगी भारत की मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजी और फिनिशिंग क्षमता को मजबूत बनाती है। साथ ही वह विकेट के पीछे भी अहम भूमिका निभाएंगे।

रुतुराज गायकवाड़ ने दिसंबर 2024 में भारत के लिए आखिरी वनडे खेला था। लगभग 23 महीने बाद उनकी टीम में शानदार वापसी हुई है। उन्होंने हाल ही में इंडिया A के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल रहा। उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन का ही नतीजा है कि चयनकर्ताओं ने उन्हें फिर से मौके का हकदार माना। गायकवाड़ टॉप-ऑर्डर में स्थिरता प्रदान कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button