खास खबरफीचर्डविविध

आईसीसी ने चैंपियंस ट्रॉफी की इनामी राशि में किया इजाफा, जानिए विजेता और उप विजेता को कितनी राशि मिलेगी?

इस आईसीसी टूर्नामेंट का आयोजन पाकिस्तान और दुबई में होगा। भारत ने टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान की यात्रा करने से इन्कार कर दिया था जिसके बाद आईसीसी ने भारत के मैच दुबई में कराने का फैसला किया था…

 

नईदिल्ली (ए)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शुक्रवार को चैंपियंस ट्रॉफी के लिए इनामी राशि का एलान कर दिया है। क्रिकेट की वैश्विक संस्था ने इस टूर्नामेंट के लिए पिछली बार की तुलना में इनामी राशि में 53 प्रतिशत का इजाफा किया गया है। 19 फरवरी से शुरू होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी की विजेता टीम को 2.4 मिलियन अमेरिका डॉलर यानी करीब 19.5 करोड़ रुपये मिलेंगे।

इस आईसीसी टूर्नामेंट का आयोजन पाकिस्तान और दुबई में होगा। भारत ने टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान की यात्रा करने से इन्कार कर दिया था जिसके बाद आईसीसी ने भारत के मैच दुबई में कराने का फैसला किया था। भारत इस टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ करेगा। भारत इस टूर्नामेंट के लिए ग्रुप ए में शामिल है जिसमें गत चैंपियन पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और बांग्लादेश भी मौजूद हैं।

विजेताओं के अलावा उपविजेता टीम को 1.12 मिलियन डॉलर (करीब 9.72 करोड़ रुपये) मिलेंगे, जबकि सेमीफाइनल में बाहर होने वाली दोनों टीमों को 56000 डॉलर (4.86 करोड़ रुपये) मिलेंगे। इस टूर्नामेंट की कुल इनामी राशि बढ़कर 6.9 मिलियन डॉलर (करीब 60 करोड़ रुपये) हो गई है। आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह ने एक बयान में कहा, पर्याप्त पुरस्कार राशि खेल में निवेश करने और हमारे आयोजनों की वैश्विक प्रतिष्ठा बनाए रखने के लिए आईसीसी की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।
किसी भी टीम को ग्रुप चरण में जीत हासिल करने पर 34,000 डॉलर (30 लाख रुपये) की पुरस्कार राशि मिलेगी। पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाली टीमों को 350000 डॉलर (करीब तीन करोड़ रुपये), जबकि सातवें और आठवें स्थान पर रहने वाली टीमों को 140000 डॉलर (करीब 1.2 करोड़ रुपये) मिलेंगे। इसके अतिरिक्त सभी आठ टीमों को इस आईसीसी टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए 125000 डॉलर (करीब 1.08) करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी।
भारत अपना पहला लीग स्टेज का मैच 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद 23 फरवरी को पाकिस्तान से मुकाबले के बाद टीम इंडिया को सात दिन का आराम मिलेगा। इसके बाद दो मार्च को भारतीय टीम न्यूजीलैंड से भिड़ेगी। भारत ने पिछली बार चैंपियंस ट्रॉफी 2013 में जीती थी, तब महेंद्र सिंह धोनी टीम के कप्तान थे। 2002 में बारिश के कारण फाइनल रद्द हो गया था। तब भारत और श्रीलंका संयुक्त विजेता रहे थे। भारतीय टीम कुल मिलाकर चार बार फाइनल में पहुंच चुकी है। 2013 और 2002 के अलावा ऐसा 2000 और 2017 में हुआ था।
पाकिस्तान में होने वाले मैच कराची, लाहौर और रावलपिंडी में खेले जाएंगे। इस टूर्नामेंट में भाग ले रही आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष पर रहने वाली दो टीम सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। आईसीसी अध्यक्ष शाह ने कहा, आईसीसी पुरुष चैंपियनशिप ट्रॉफी 2025 क्रिकेट के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इस टूर्नामेंट की फिर से वापसी हो रही है जिसमें वनडे में सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाएं भाग लेती हैं और इसका हर मैच महत्वपूर्ण है।

पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन 2009 से 2017 तक प्रत्येक चार साल में किया गया, लेकिन इसके बाद कोविड और इसकी प्रासंगिकता को लेकर उठ रहे सवालों के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 1998 हुई थी और इसका आयोजन तब प्रत्येक दो साल में किया जाता था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button