खास खबरछत्तीसगढ़फीचर्ड

ACB ने जिला शिक्षा अधिकारी को 1 लाख रुपए और रेंजर को 15 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार

रायपुर। प्रार्थी उज्जवल प्रताप सिंह, रामरति पब्लिक स्कूल, सूरजपुर का संचालक है। उसके और जिले के अन्य 04 विद्यालयों (छ.ग. पब्लिक स्कूल दतिमा, सरस्वती बाल मंदिर सोनपुर, प्रिया बाल मंदिर भटगांव एवं लक्ष्मी विद्या निकेतन नरोला) के संचालकों द्वारा एन्टी करप्शन ब्यूरो, अंबिकापुर में शिकायत की गई थी कि शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत् अशासकीय विद्यालयों को मिलने वाले प्रतिपूर्ति की राशि में से 10 प्रतिशत के हिसाब से 2 लाख रू. की रिश्वत जिला शिक्षा अधिकारी सूरजपूर राम ललित पटेल द्वारा मांग की जा रही है।

प्रार्थीगण रिश्वत नहीं देना चाहते थे बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहते थे। शिकायत सत्यापन दौरान 1,82,000 रू. में सहमति बनी। आज दिनांक 14.02.2025 को ट्रेप आयोजित कर प्रार्थी से राम ललित पटेल को रिश्वती रकम की पहली किश्त 1 लाख रू. रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।

आरोपी के स्वयं के तलाशी दौरान उसके पास से 2 लाख रू. अतिरिक्त प्राप्त हुआ है, जो अन्य स्कूलों के रिश्वत राशि के रूप में उसके द्वारा पहले से लिया गया था। उल्लेखनीय है कि जिला सूरजपुर के अशासकीय स्कूलों के संचालक जिला शिक्षा अधिकारी से त्रस्त होकर एकजुट होकर एसीबी में शिकायत किये थे।

प्रकरण में आरोपी के विरुद्ध धारा 7 पीसीएक्ट 1988 के प्रावधानों के तहत् अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। आरोपी के निवास स्थान की भी तलाशी जारी है।

रेंजर रिश्वत लेते गिरफ्तार: प्रार्थी बजरंग लाल सिदार, ग्राम खड़गांव, जिला रायगढ़ द्वारा एन्टी करप्शन ब्यूरो, बिलासपुर में शिकायत की गई थी कि उसके पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवास के निर्माण हेतु शासकीय भूमि को आवासीय भूमि में परिवर्तित करने के लिये कलेक्टर कार्यालय द्वारा टी.पी. वस्त्रकार, रेंजर खरसिया (वन विभाग) को मौके की जांच कर रिपोर्ट देने हेतु लिखा गया था।

प्रार्थी द्वारा रेंजर, खरसिया से मुलाकात करने पर जांच रिपोर्ट बनाने हेतु 25,000 रू. रिश्वत की मांग की गई थी। प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था।

शिकायत सत्यापन पश्चात् प्रार्थी 15,000 रु. की ही व्यवस्था कर पाया, जिसे आज दिनांक 14.02.2025 को ट्रेप आयोजित कर प्रार्थी से आरोपी टी.पी. वस्त्रकार, रेंजर, खरसिया को 15,000 रू. रिश्वत लेते रंगे हाथो पकडा गया। आरोपी के निवास स्थान की भी तलाशी जारी है।

प्रकरण में आरोपी के विरुद्ध धारा 7 पीसीएक्ट 1988 के प्रावधानों के तहत् अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button