दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

लायसेंस का पालन न करने वाले शहर के बार तत्काल बंद हों, बिना कालोनाइजर लायसेंस जमीन दलाली कर रहे लोगों पर कसें नकेल- विधायक रिकेश सेन

भिलाई। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने आज दुर्ग सर्किट हाउस में आबकारी और रेवेन्यू अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि अवैध कारोबार और कब्जे को लेकर स्वतंत्र रूप से अधिकारी क्षेत्र में कार्रवाई करें। वैशाली नगर विधानसभा में जमीन दलालों का जो अब तक प्रभाव था वो तत्काल खत्म किया जाए। जो जमीन दलाल बिना कालोनाइजर लायसेंस लिए जमीन खरीदी बिक्री में इन्वाल्व रहे हैं वो अब एक इंच जमीन की भी दलाली नहीं कर सकेंगे। रेवेन्यू का नुक़सान कर जो भी कारोबार पूर्व शासनकाल में दबाववश होते रहे हैं उन सब पर तत्काल रोक लगाएं। आबकारी विभाग के अधिकारियों से विधायक रिकेश सेन ने कहा कि शराब अवैध रूप से कोचियों तक कैसे पहुंच रही थी इसकी जांच करें और क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों तक शराब न पहुंचे, ऐसा सुनिश्चित करें। विधायक ने शहर के सभी बार लायसेंस की सूची लेने के बाद आबकारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वो सभी बार की समय समय पर जांच कर सुनिश्चित करें कि लायसेंस नियमावली के अनुसार ही बार संचालित हो रहे हैं या नहीं। लायसेंस नियमों का उल्लंघन करने वालों के बार तत्काल बंद होंगे।

बैठक बाद मीडिया से चर्चा में विधायक रिकेश सेन ने कहा कि बैठक में आबकारी विभाग के अधिकारी और नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर अशोक द्विवेदी की संयुक्त बैठक लेकर उन्होंने दोनों विभागों का तालमेल बैठा दिया गया ताकि वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र की ऐसी शराब दुकानें जो रिहायशी क्षेत्र में हैं, जिन रास्तों से माताएं बहनें आती जाती हैं, ऐसे क्षेत्र से जितनी जल्दी हो सके शराब दुकानें स्थानांतरित की जाएं। हो सकता है इसमें 10 दिन से लेकर महीने भर समय लगे लेकिन यह कार्रवाई होगी जरूर। शराब दुकानें ऐसी जगह होंगी जो आमजन और आवागमन करने वालों के सामने न दिखाई दें। स्थानों पर चयन करके हमें जहां उनको भेजना है दुकानों को दोनों विभाग के तालमेल से शिफ्ट किया जायेगा। सभी बार संचालकों को एक नोटिस देने का निर्देश मैंने दिया है कि जो बार नीति है जो लायसेंस नियमावली है उसके तहत ही बार संचालक काम कर रहे हैं, यह सुनिश्चित हो। नियमों की अवहेलना कर जो बार शराब पिला रहे हैं उन पर तत्काल कार्रवाई होगी।

शिकायत मिली है कि बार में पिलाने का लायसेंस लेकर बार संचालक बोतलें बेच रहे हैं। आपको बार के अंदर शराब पिलाना है ना कि आपको बोतल बेचने का लायसेंस दिया गया है। बहुत कंप्लेन आ रही है ऐसे बार जो नियम तोड़ कारोबार कर रहे उनकी दुकानों को सील करने के लिए मैंने कहा है। खामियां जांच में पाई जाती हैं तो तत्काल बार सील किया जाएगा और गुमास्ता लाइसेंस भी रद्द कर दिया जाएगा।

श्री सेन ने बताया कि एसडीएम, तहसीलदार और वैशाली नगर विधानसभा के सभी पटवारियों की बैठक लेकर मैंने उनसे कह दिया गया है कि मेरी विधानसभा में कहीं भी अवैध प्लाटिंग नहीं होनी चाहिए। कॉलोनाइजर के माध्यम से क्षेत्र औथ बाहर की जनता कोई भी प्लॉट खरीदे या बेचे। जैसे कल पुलिस प्रशासन के साथ बैठक बाद शाम से ही आपको शहर में हर चौक चौराहों पर पुलिस दिखाई दी वैसे ही आबकारी और राजस्व विभाग का काम सभी को आज और कल में एक बड़ी कार्रवाई के रूप में देखने को मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button