खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

गदर-2 फिल्म के लिए ऐसी दीवानगी की 3 नाबालिग ने तय किया 175 km का सफर, ढूंढने में पुलिस के छूटे पसीने

गदर 2 फिल्म रिलीज होने के पहले से लगातार चर्चा में बनी है. इस फिल्म को लेकर रीवा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां तीन नाबालिग लड़कियों ने फिल्म देखने के लंबा सफर तया किया…

रीवा (ए)। मध्य प्रदेश में तीन नाबालिग लड़कियों की सन्नी देओल की ‘गदर-2 फिल्म के प्रति दीवानगी ने न केवल उनके परिजनों को घंटों परेशान रखा बल्कि रीवा पुलिस के भी पसीने छुड़वा दिए. उनमें ‘गदर -2’ को लेकर ऐसा जुनून चढ़ा कि वे फिल्म देखने रीवा से पौने दो सौ किलोमीटर दूर शहडोल आ गई. बच्चियों के परिजन अपहरण की आशंका जताते रहे और उन्हें तलाशने में पुलिस के पसीने छूट गए।

दरअसल, केन्द्रीय विद्यालय रीवा में कक्षा 8 में पढ़ने वाली तीन नाबालिग सहेलियां शुक्रवार की सुबह 7 बजे कोचिंग के लिए घर से निकली थी. कोचिंग का समय गुजरने के बाद भी जब लड़कियां घर नहीं लौटीं तो अभिभावकों की चिंता बढ़ गई. उन्होंने बच्चियों के मोबाइल पर फोन लगाया गया तो उनका फोन कवरेज एरिया से बाहर मिला. इसके बाद बदहवाश परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. कोचिंग संस्थान में पता किया तो वहां से बताया गया कि वे क्लास करने नहीं आई थी. इसके बाद हड़कंप मच गया. परिजनों को आशंका हुई कि तीनों लड़कियों का अपहरण हो गया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर लगा सुराग इसके बाद परिजनों ने रीवा के सिविल लाइन थाने में बच्चियों के गुमशुदगी की रपट लिखवाई. पुलिस तुरंत तीनों लड़कियों की तलाश में जुट गई. शहर में जहां जहां लड़कियां जा सकती थी, वहां पहुंच कर पड़ताल की गई. रास्ते के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. एक कैमरे में तीनों लड़कियों को ऑटो में सवार होता देखा गया. बच्चियों की अगली लोकेशन रीवा बस स्टैण्ड पर मिली. तीनों बस स्टैण्ड में शहडोल की ओर जाने वाली बस में सवार होती दिखीं. पुलिस ने पूछताछ की तो यहां के कुछ लोगों ने बताया कि तीनों लड़कियां सुबह शहडोल की बस में बैठ कर निकली हैं. इसके बाद रीवा पुलिस ने तुरंत शहडोल पुलिस से संपर्क किया।

ट्रेस करने पर बच्चियों की लोकेशन थिएटर में मिली पुलिस की एक टीम रीवा से शहडोल के लिए रवाना की गई. शहडोल और रीवा पुलिस ने तीनों लड़कियों को ट्रेस किया तो वह एक थिएटर में ‘गदर-2’ देखती मिली. तीनों नाबालिग लड़कियों को शहडोल महिला थाना पुलिस ने थिएटर से अपने साथ लिया. शहडोल पुलिस ने उनसे पूछताछ कि तो उन्होंने बताया कि रीवा के थिएटर में ‘गदर-2’ फिल्म की टिकट नहीं मिली थी. वे इतनी बैचेन थी कि उन्होंने शहडोल जाकर अपने पसंदीदा एक्टर की फिल्म देखने की ठानी. इसके बाद तीनों बस में बैठकर शहडोल आ गई।

पुलिस ने बच्चियों के मिलने की पुष्टि की शुक्रवार की देर रात रीवा पुलिस बच्चियों के परिजनों के साथ शहडोल पहुंची. यहां से पुलिस तीनों नाबालिग बच्चियों को अपने साथ लेकर रीवा रवाना हुई. अभिभावकों ने लड़कियों के मिलने पर राहत की सांस ली. शहडोल की महिला थाना प्रभारी आराधना तिवारी ने बताया कि तीनों नाबालिग बच्चियों को शुक्रवार को दस्तियाब कर लिया गया. तीनों बच्चियां थिएटर में फिल्म देखते हुए मिली थी. बच्चियों को रीवा पुलिस देर रात अपने साथ वापस ले गई है।

गदर 2 के दूसरे दिन का कलेक्शन बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों गदर मचा हुआ है. सनी देओल की फिल्म ‘गदर 2’ की तूफानी कमाई जारी है तो वहीं अक्षय कुमार की फिल्म ओएमजी भी ठीकठाक कमा ले रही है. हालांकि अगर दोनों फिल्मों की कमाई की तुलना करें तो गदर 2 के सामने ओएमजी 2 बहुत पीछे रह गई है. आइए जानते हैं दोनों फिल्मों ने दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर कितनी कमाई की है।

  • सनी देओल, अमीषा पटेल और उत्कर्ष शर्मा स्टारर इस फिल्म ने पहले दिन 40 करोड़ की धमाकेदार ओपेनिंग की।
  • वहीं दूसरे दिन इस फिल्म ने दूसरे दिन करीब 45 करोड़ की कमाई की है।
  • दो दिनों में इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 85 करोड़ कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है।
  • वहीं, ऐसी रिपोर्ट्स हैं कि पांच दिनों के वीकेंड में ये फिल्म करीब 175 करोड़ कमाई का आंकड़ा पार कर लेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button