देश-दुनियाफीचर्डविविध

टी20 विश्व कप में दूसरा बड़ा उलटफेर: जिम्बाबे ने पाकिस्तान को 01 रन से हराया, कल आयरलैंड ने इंग्लैंड को दी थी मात

टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबले में जिम्बाब्वे ने पाकिस्तान को एक रन से हरा दिया है, गुरुवार को पर्थ में खेले गए मुकाबले में जिम्बाब्वे ने पाकिस्तान को 131 रनों का टारगेट दिया था, लेकिन वह टारगेट तक पहुंच नहीं पाई, मौजूदा टूर्नामेंट में पाकिस्तान की यह लगातार दूसरी हार है, इससे पहले पहले मैच में पाकिस्तान को भारत के खिलाफ चार विकेट से हार का सामना करना पड़ा था…

नईदिल्ली (ए)। टी20 वर्ल्ड कप में  जिम्बाब्वे ने उलटफेर करते हुए पाकिस्तान को एक रन से हरा दिया है.  गुरुवार (27 अक्टूबर) को पर्थ में खेले गए मुकाबले में जिम्बाब्वे ने पाकिस्तान को 131 रनों का टारगेट दिया था, लेकिन वह आठ विकेट पर 129 रन ही बना सकी. मौजूदा टूर्नामेंट में पाकिस्तान की यह लगातार दूसरी हार है. इससे पहले पहले मैच में पाकिस्तान को भारत के खिलाफ चार विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।

टॉस जीतकर बैटिंग करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम को कप्तान क्रेग इर्विन (19 रन) और वेस्ले मधेवेरे (17 रन) ने पहले विकेट के लिए 42 रन जोड़कर अच्छी शुरूआत दी. इस भागीदारी का अंत रऊफ ने किया जब उनकी तेज रफ्तार वाली गेंद पर इरविन शार्ट फाइन लेग पर मोहम्मद वसीम को कैच दे बैठे. दो गेंद बाद माधेवेरे भी पवेलियन पहुंच गये जिन्हें मोहम्मद वसीम ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया. बाद में मिल्टन शुम्बा (08) भी अपनी टीम की मदद नहीं कर सके और शादाब की गेंद पर कॉट एंड बोल्ड हो गए।

इसके बाद सीन विलियम्स (31 रन) और सिकंदर रजा (09) ने चौथे विकेट के लिये 31 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन शादाब ने 14वें ओवर में दोहरे झटके देकर विपक्षी टीम को बैकफुट पर ढकेल दिया. शादाब ने पहले विलियम्स और फिर रेजिस चाकाब्वा को आउट किया. अगले ओवर में वसीम ने भी सिकंदर रजा और ल्यूक जोंगवे को चलता कर दिया. बाद में ब्रैड इवांस और रेयान बर्ल ने उपयोगी योगदान दिया जिसके चलते जिम्बाब्वे की टीम आठ विकेट पर 130 रन बना पाई. इवांस ने 15 गेंद में 19 रन बनाए, वहीं रेयान बर्ल 10 रन बनाकर नाबाद रहे।

पाकिस्तान के लिए तेज गेंदबाज मोहम्मद वसीम ने 24 रन देकर चार विकेट चटकाए. वहीं स्पिनर शादाब खान ने 23 रन लेकर तीन विकेट हासिल किए. हारिस रऊफ ने भी टी20 गेंदबाजी में अपना सर्वश्रेष्ठ किफायती प्रदर्शन किया. हारिस रऊफ ने चार ओवर में एक मेडन डालकर 12 रन दिए और एक विकेट झटका।

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के सुपर 12 मुकाबले में बुधवार को एक गजब का मैच देखने को मिला. बारिश से बाधित इस मैच में पूरा खेल तो नहीं हो पाया, लेकिन आयरलैंड ने यहां इंग्लैंड को मात जरूर दे दी. इंग्लैंड अब मौसम को कोस रहा होगा, जिसने सेमीफाइनल की राह मुश्किल कर दी. मेलबर्न में हुए इस मैच में आयरलैंड ने डकवर्थ लुईस नियम की मदद से पांच रनों से जीत दर्ज की।

जिस वक्त बारिश की वजह से मैच रुका, तब इंग्लैंड डकवर्थ लुईस नियम के मुताबिक जो स्कोर होना चाहिए था उससे पांच रन पीछे था. बारिश इतनी जोर से हुई कि दोबारा मैच शुरू होने की कोई संभावना ही नहीं थी, ऐसे में अंपायर्स ने मैच को यही बंद किया और नतीजा घोषित कर दिया, जो आयरलैंड के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ।

Related Articles

Back to top button