खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

इन दो राज्यों के चुनावी नतीजे 4 जून को नहीं 2 जून को आएंगे, यहां 19 अप्रैल को हो चुका है मतदान

अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा की 60 सीटें हैं. जबकि सिक्किम में विधानसभा की 32 सीटें आती हैं. दोनों ही राज्यों में 19 अप्रैल को मतदान हो चुका है…

नईदिल्ली (ए)। देश में लोकसभा चुनाव के साथ-साथ कई राज्यों में विधानसभा के चुनाव भी संपन्न हुए हैं. इनमें अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम भी शामिल है. अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान एक ही चरण में 19 अप्रैल को हुआ था. इस दौरान दोनों राज्यों में लोकसभा चुनाव के लिए भी वोटिंग हुई थी।

चुनाव आयोग के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम विधानसभा के लिए दोनों ही राज्यों में 4 जून के बजाए 2 जून को नतीजे घोषित होंगे. अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम विधानसभा का कार्यकाल 2 जून को खत्म हो रहा है. हालांकि, चुनाव आयोग ने पहले नतीजों की तारीख 4 जून तय की थी, लेकिन बाद में इसमें बदलाव किया गया है।

दरअसल, अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा की 60 सीटें हैं. इसके अलावा यहां लोकसभा की दो सीटें आती हैं. चुनाव आयोग ने 19 अप्रैल को हुए पहले चरण में ही यहां विधानसभा और लोकसभा चुनाव के लिए मतदान कराया था. पिछले विधानसभा चुनाव के नतीजों पर नजर डालें तो यहां बीजेपी ने 41 सीटों पर जीत दर्ज कर सरकार बनाई थी. जबकि कांग्रेस को सिर्फ चार सीटों पर संतोष करना पड़ा था. इसके अलावा जनता दल (यूनाइटेड) ने सात, एनपीपी ने पांच, पीपीए ने एक और दो निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी।

सिक्किम में विधानसभा की 32 सीटें हैं. इसके अलावा लोकसभा की एक सीट है. अरुणाचल प्रदेश की तरह यहां एक ही चरण में (19, अप्रैल) मतदान संपन्न हुआ था. सिक्किम विधानसभा का कार्यकाल 2 जून 2024 को समाप्त होगा।

पिछले विधानसभा चुनाव के बाद सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा ने राज्य में सरकार बनाई थी, प्रेम सिंह तमांग यहां के मुख्यमंत्री बनें थे. इस बार भी सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा और सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट के बीच मुकाबला है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button