दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

पाटन में कोविड नियंत्रण पर कलेक्टर ने की समीक्षा: ट्राइबल होस्टल में आरम्भ होगा 25 बेड का कोविड केअर सेंटर

दुर्ग। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने आज पाटन ब्लाक में कोविड नियंत्रण के चल रहे कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि जिन मरीजों को होम आइसोलेशन में रहने में असुविधा है, उनके लिए 25 बेड का कोविड केअर सेंटर पाटन के ट्राइबल होस्टल में आरम्भ करें। उन्होंने कहा कि जिन गांव में कोविड के अधिक मरीज आ रहे हैं वहां कंटेंटमेंट बनाकर व्यापक सर्वे का कार्य कर लक्षण वाले मरीजों का चिन्हांकन करें। कलेक्टर ने वैक्सीनेशन कार्य की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल 45 वर्ष से अधिक के 70 प्रतिशत से अधिक लोगों का टीका हो चुका है। लगभग 40 हजार लोगों को टीका लग चुका है और अभी 15000 लोगों को टीका लगाया जाना शेष है। कलेक्टर ने व्यापक मुहिम चलाकर टीकाकरण कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं स्थानीय अमला मिलकर सघन अभियान छेड़े तथा टीकाकरण कार्य को पूरा करें। उन्होंने कहा कि हर पंचायत में एक पल्स ऑक्सीमीटर तथा साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के पास के पल्स ऑक्सीमीटर से लक्षण वाले मरीजों की पहचान कर इनका प्रिजप्टिव ट्रीटमेंट आरंभ कर दिया जाए। जिन ग्राम पंचायतों में कोविड के अधिक मामले आ रहे हैं उन्हें कंटेनमेंट जोन बनाने पर भी बैठक में चर्चा हुई। इसके अलावा शिक्षा विभाग का अमला भी लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करेगा, साथ ही कोविड अनुकूल व्यवहार के संबंध में भी लोगों को मार्गदर्शन प्रदान करेगा। इसके साथ ही काढ़े का भी वितरण किया जाएगा ताकि लोगों की प्रतिरोधक क्षमता मजबूत हो सके। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सच्चिदानंद आलोक, एसडीएम विपुल गुप्ता, बीएमओ डॉ. आशीष शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button