खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

पीएम मोदी के “मन की बात” का 100वां एपिसोड आज: ऐतिहासिक बनाने की बड़ी तैयारी में भाजपा, रिकॉर्डिंग का वीडियो हुआ जारी

मन की बात रेडियो कार्यक्रम का आज 100वां एपिसोड है जिसको लेकर भारतीय जनता पार्टी ने खास तैयारी और इंतजाम किए हैं…

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात का आज 100वां एपिसोड है. इस मौके को ऐतिहासिक बनाने की सरकार और बीजेपी ने जोरदार तैयारी की है. आज सुबह 11 बजे 100वां एपिसोड प्रसारित किया जाएगा. मन की बात के सौवें एपिसोड से पहले ये वीडियो जारी किया गया है जिसमें दिखाया गया है कि मन की बात कार्यक्रम को रिकॉर्ड करने के दौरान किस तरह की तैयारी की जाती है।

ये कार्यक्रम प्रधानमंत्री के आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर रिकॉर्ड किया जाता है. इससे कई गुना बड़ी तैयारी आज सौवें एपिसोड के लिए की गई है.  आज ऑल इंडिया रेडियो और दूरदर्शन पर पीएम मोदी का 100वां मन की बात कार्यक्रम प्रसारित किया जाएगा. बता दें, 3 अक्टूबर 2014 को मन की बात का सबसे पहला एपिसोड प्रसारित किया गया था. तब से ये रेडियो कार्यक्रम हर महीने के आखिरी रविवार को सुबह 11 बजे प्रसारित होता है।

अब तक किए गए प्रसारण में सेल्फी विद डॉटर (Selfie with Daughter), घरेलू खिलौनों को प्रोत्साहन और कोविड के समय की गई प्रधानमंत्री की अपील बेहद सफल साबित हुई. वहीं, पीएम मोदी ने जब से मन की बात कार्यक्रम शुरू किया है तब से देश में रेडियों के श्रोताओं की संख्या में काफी इजाफा हुआ है।

मन की बात के 100वें एपिसोड को यादगार बनाने के लिए बीजेपी औऱ सरकार ने रूपरेखा तैयार की है. पार्टी की तरफ़ से अपने सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को इसे सफल बनाने का ज़िम्मा सौंपा गया है. बीजेपी के सभी सांसदों और विधायकों ने मन की बात के प्रसारण को सुनने के लिए विशेष इंतज़ाम किया है. इसके तहत ज़्यादा से ज़्यादा लोगों को शामिल करने का लक्ष्य है. आम लोगों से लेकर बुद्धिजीवियों तक सभी की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

आज बीजेपी का लक्ष्य..भाजपा के सभी लोकसभा सांसदों से कहा गया है कि वो अपने अपने संसदीय क्षेत्र में एक चुने हुए जगह पर लोगों के साथ इस प्रसारण को सुनें। इस रेडियो प्रसारण को एक साथ ज़्यादा से ज़्यादा लोगों के सुनने का रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है। सभी सांसद करीब 1000 लोगों के साथ इस विशेष प्रसारण को सुनेंगे।

पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा ने देशभर में 2150 जगहों पर इस प्रसारण को सुनवाने का इंतज़ाम किया है। इसके ज़रिए 4-5 लाख लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा, देशभर में 4 लाख स्थानों पर मन की बात और मेरे संसदीय क्षेत्र पटना साहिब लोकसभा में 600 से अधिक स्थानों पर आम जनता, कार्यकर्ता और प्रबुद्ध वर्ग मन की बात के 100वें संस्करण के साक्षी बनेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button