खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

बाबा साहेब का जीवन और उनके विचार भाजपा सरकार की पिछले 11 वर्षों की यात्रा के प्रेरणा-स्तंभ रहे : पीएम मोदी

2014 से पहले भारत में केवल 74 एयरपोर्ट थे, जो कि 70 साल की उपलब्धि थी, बीते दस वर्षों में यह संख्या 150 के पार पहुंच चुकी है…

 

हिसार (ए)। अंबेडकर जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिसार पहुंचे। अयोध्या तक सीधी फ्लाइट को हरी झंडी दिखाई फिर विशाल जनसमूह को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कई मुद्दों पर बेबाक राय रखी, जिनमें वक्फ कानून, कांग्रेस की नीतियां, सामाजिक न्याय, आदिवासियों के अधिकार, एयर कनेक्टिविटी, आरक्षण और बाबा साहेब अंबेडकर की विरासत जैसे विषय प्रमुख रहे।

प्रधानमंत्री मोदी ने देश में हवाई यात्रा की बढ़ती सुविधा पर बात करते हुए कहा कि 2014 से पहले भारत में केवल 74 एयरपोर्ट थे, जो कि 70 साल की उपलब्धि थी। लेकिन बीते दस वर्षों में यह संख्या 150 के पार पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि आज करोड़ों ऐसे भारतीय हैं जिन्होंने पहली बार हवाई सफर किया है। हिसार एयरपोर्ट से अब अयोध्या के लिए सीधी फ्लाइट शुरू हो गई है, जिससे श्रीकृष्ण की भूमि हरियाणा अब सीधे प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या से जुड़ गई है। उन्होंने इस पहल को ‘हवाई चप्पल पहनने वाले को हवाई जहाज में उड़ाने’ के अपने वादे की एक बड़ी उपलब्धि बताया।

प्रधानमंत्री ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को भाजपा सरकार का ‘प्रेरणा स्तंभ’ बताया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन और उनके विचार भाजपा सरकार की पिछले 11 वर्षों की यात्रा के प्रेरणा-स्तंभ रहे हैं। भाजपा की हर नीति, हर निर्णय, हर योजना वंचितों, पीड़ितों, शोषितों, आदिवासियों, महिलाओं और गरीबों को सशक्त करने की दिशा में केंद्रित रही है। बाबा साहेब के दिखाए रास्ते पर चलकर ही भाजपा ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार कर रही है।

पीएम मोदी ने कांग्रेस को भी घेरा। तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा, ” तुष्टिकरण की राजनीति की है और केवल कुछ कट्टरपंथियों को खुश करने का प्रयास किया है।” उन्होंने कर्नाटक सरकार के धर्म के आधार पर दिए गए आरक्षण का हवाला देते हुए कहा कि यह सीधे-सीधे संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर के सिद्धांतों का उल्लंघन है। बोले, ” बाबा साहेब ने स्पष्ट कहा था कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता।” उन्होंने कांग्रेस पर डॉ. अंबेडकर का अपमान करने और उन्हें दो बार चुनाव में हराने का भी आरोप लगाया।

वक्फ कानून को लेकर भी प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इस कानून का दुरुपयोग कर भू-माफिया ने गरीबों की जमीन हड़पी और मुस्लिम समाज के पसमांदा, गरीब वर्ग को इसका कोई लाभ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि अगर वक्फ कानून ईमानदारी से लागू होता तो आज मुसलमानों को पंचर बनाकर गुजारा नहीं करना पड़ता। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने नए कानूनों के जरिए यह सुनिश्चित किया है कि अब आदिवासियों की जमीन को वक्फ बोर्ड छू भी नहीं सकता।

प्रधानमंत्री ने हिसार से अपने गहरे जुड़ाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब उन्हें हरियाणा की ज़िम्मेदारी दी गई थी, तब वे यहां के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर भाजपा को खड़ा करने का कार्य कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा भाजपा की मज़बूत नींव उसी संघर्ष और मेहनत का परिणाम है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज उन्हें गर्व है कि भाजपा विकसित हरियाणा के संकल्प को पूरी गंभीरता से आगे बढ़ा रही है।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने देश के 80 फीसदी ग्रामीण घरों में नल से जल पहुंचाने के संकल्प का जिक्र किया। बताया कि जब देश के गांवों में हर 100 में से केवल 16 घरों में ही पाइप से पानी आता था, तब कांग्रेस के नेता स्विमिंग पूल जैसी सुविधाओं का आनंद ले रहे थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज जो नेता गली-गली में जाकर भाषण दे रहे हैं, उन्होंने कभी यह नहीं सोचा कि एससी, एसटी और ओबीसी परिवारों के घरों में भी पानी पहुंचे। हमारी सरकार ने 6 से 7 साल में 12 करोड़ ग्रामीण घरों में नलों के कनेक्शन दिए। हमारी सरकार में 80 फीसदी ग्रामीण घरों में नल का कनेक्शन दिया। बाबा साहब के आशीर्वाद से हम 100 फीसदी घरों तक नल से जल पहुंचाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button